बिहार: पूर्वी चंपारण में हार्डकोर नक्सली एरिया कमांडर बबलू राम गिरफ्तार
मोतिहारी शिवहर सीतामढ़ी व मुजफ्फरपुर में नक्सली घटनाओं में शामिल था बाबूलाल राम। गिरफ्तारी एएसपी अभियान हिमांशु गौरव के नेतृत्व में छापेमारी के दौरान की गई।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पताही स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पताही पश्चिमी पंचायत के रुपनी मठ गांव के पास से पुलिस की विशेष टीम ने हार्डकोर नक्सली एरिया कमांडर बबलू राम उर्फ मिठ्ठू राम को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी एएसपी अभियान हिमांशु गौरव के नेतृत्व में छापेमारी के दौरान की गई। पुलिस के समक्ष दिए बयान में नक्सली मिठ्ठू राम ने बताया है कि नक्सली चुनाव से पूर्व किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में लगे थे।
मिठ्ठू के खिलाफ हत्या, रंगदारी के अलावा 2005 में मधुबन में हुई नक्सली कार्रवाई के अलावा शिवहर, सीतामढ़ी व मुजफ्फरपुर जिले में 14 मामले दर्ज हैं। चकिया के मणिछपरा रेलवे गुमटी के पास 26 जून 2014 को रेलवे ट्रैक को उड़ाने में भी वह शामिल था। वह लैंडमाइंस लगाने में मास्टर है।
उसके खिलाफ मधुबन में हुई नक्सली कार्रवाई में कांड संख्या, 91 ,92, 93, 94 ,95, 96, 97/2005, सीतामढ़ी के बैरगनिया थानाक्षेत्र में पुलिस के साथ 3 मई 2005 को हुए मुठभेड़ को लेकर कांड संख्या 28/2005, और 27 जून 2005 को कांड संख्या 62/2005, शिवहर में 11 सितंबर 2007 को थाना कांड संख्या 61/2007, 28 दिसंबर 2005 को कांड संख्या 84/2005, 29 दिसंबर को कांड संख्या 85/2005, 8 मार्च 2017 को कांड संख्या 34/2017 के अलावा पूर्वी चंपारण के चकिया कांड संख्या 151/2014 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। छापेमारी में एएसपी के साथ थानाध्यक्ष विकास तिवारी और स्थानीय थाना के जवान शामिल थे।
मोतिहारी एएसपी अभियान हिमांशु गौरव ने कहा कि गिरफ्तार नक्सली से कई घटनाओं की जानकारी मिली है। साथ कई नक्सलियों के बारे में भी सुराग मिले हैं। पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।