मुजफ्फरपुर नगर निगम का कड़ा रूख, अनाधिकृत मोबाइल टावरों को किया जाएगा सील
कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त ने बनाई सात सदस्यीय टीम, शहर में विभिन्न कंपनियों के 244 मोबाइल टावरों पर 15 करोड़ रुपये बकाया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मुजफ्फरपुर बिना निगम की अनुमति के शहरी क्षेत्र में विभिन्न मोबाइल कंपनियों के लगे 244 टावरों को नगर निगम सील करेगा। इसके लिए नगर आयुक्त ने प्रधान सहायक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम बनाई है। टीम के अन्य सदस्यों में टैक्स दरोगा सुशील कुमार, राम नरेश यादव, उमेश कुमार, विधि प्रभारी ललन कुमार, कमल किशोर एवं चंद्र प्रकाश राणा शामिल हैं। नगर आयुक्त संजय दूबे ने टीम को अनाधिकृत रूप से लगे मोबाइल टावर के संचालन रूम को सील करने का निर्देश दिया है। टीम सोमवार से अपना अभियान शुरू कर देगी।
नगर आयुक्त ने आदेश में कहा है कि शहर में बिना निगम की अनुमति अनाधिकृत रुप से 244 मोबाइल टावर लगाए गए हैं। टावरों से संबंधित मोबाइल कंपनियों को डिमांड बिल पोस्ट किया गया था, लेकिन किसी ने भी नोटिस का संज्ञान नहीं दिया। कंपनियों के पदाधिकारियों को बार-बार शुल्क जमा करने का निर्देश दिया गया बावजूद कोई नहीं आया। कंपनियों पर 15 करोड़ से अधिक का बकाया है। अब उनके खिलाफ सीधे कार्रवाई होगी। कार्रवाई के तहत निगम सोमवार से अनाधिकृत लगे मोबाइल टावरों के नियंत्रण कक्ष को सील करने का काम शुरु कर देगा।