Coronavirus : मुजफ्फरपुरवासियों के लिए खुशखबरी, दो माह तक किसी प्रकार का टैक्स नहीं वसूलेगा निगम
Muzaffarpur Nagar Nigam नगर विकास एवं आवास मंत्री के निर्देश पर नगर निगम ने उठाया कदम। बाद में टैक्स जमा करने पर नहीं लिया जाएगा विलंब शुल्क।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कोरोना से जूझ रहे शहरवासियों से नगर निगम दो माह तक किसी प्रकार का टैक्स वसूली नहीं करेगा। शहरवासियों को प्रापर्टी टैक्स, ट्रेड लाइसेंस शुल्क, निगम स्टॉल किराया अप्रैल एवं मई तक जमा नहीं करने की छूट होगी। बाद में टैक्स जमा करने पर निगम किसी प्रकार का विलंब शुल्क नहीं लेगा। लेकिन, इस अवधि में कोई स्वेच्छा से प्रापर्टी टैक्स जमा करता है तो निगम उसे स्वीकार करेगा।
नगर विकास मंत्री ने चार दिन पूर्व राज्य के सभी निकायों को वर्तमान हालात को देखते हुए किसी भी प्रकार का कर वसूल नहीं करने का निर्देश दिया था। नगर निगम के प्रधान सहायक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि सरकार के निर्देश के आलोक में नगर आयुक्त ने दो माह तक कर वसूली नहीं करने का निर्देश दिया है।
बेसहारा पशुओं को भोजन की आफत
शहर के लॉकडाउन का असर शहरवासियों के साथ-साथ बेसहारा पशुओं पर भी पड़ा है। शहर के गली-मोहल्लों एवं सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं को भोजन नहीं मिल पा रहा है। इससे सबसे अधिक बेचैनी कुत्तों में देखी जा रही है। मीट-मुर्गा के दुकानों के पास मंडराने वाले कुत्ते लोगों को देखते ही दौडऩे लगते हैं। बेसहारा पशुओं के भोजन के लिए प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं की गई है।