मुजफ्फरपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, ऑटो का इंतजार कर रही महिला जेई के गले से सोने की चेन झपटी
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में बैरिया रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला जूनियर इंजीनियर के गले से सोने की चेन छीन ली।

मौके पर पहुंची पुलिस। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
मुजफ्फरपुर के बैरिया रोड पर महिला जेई से चेन छीनी।
बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया।
घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया रोड में बेखौफ बदमाशों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है।
शनिवार को बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने दिनदहाड़े सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही एक महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ली और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की पहचान आयाचीग्राम निवासी सोनी कुमारी के रूप में हुई है। वह हाजीपुर नगर परिषद में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, सोनी कुमारी बैरिया रोड में सड़क किनारे घोंघा खरीद कर खड़ी होकर घर जाने के लिए आटो का इंतजार कर रही थीं।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने, जिसने लाल रंग की शर्ट पहन रखी थी, तेजी से महिला के गले पर झपट्टा मारा और चेन छीन ली। जब तक महिला शोर मचाती, बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर रफूचक्कर हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने आसपास के भवनों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला, जिसमें बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों के हुलिए और बाइक के नंबर का मिलान कर रही है। थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
