Muzaffarpur News : गोबरसही आरओबी निर्माण शुरू, एनएच सर्विस लेन बंद, जाम से मिलेगी मुक्ति
ROB construction Bihar : मुजफ्फरपुर के गोबरसही में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिसके चलते ...और पढ़ें

गोबरसही में एनएच का सर्विस लेन बंद। जागरण
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । गोबरसही में आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) का निर्माण शुरू कर दिया गया है। पुल निर्माण निगम ने पाइलिंग कार्य करने के लिए गोबरसही में एनएच के सर्विस लेन को बंद कर दिया है।
एनएच 122 के नेहरू नगर के पास गोबरसही-मझौलिया सर्विसलेन को बंद कर काम शुरू कर दिया गया है। यहां पर लोहे की शीट से घेरा लगाया गया है। ताकि किसी प्रकार के वाहनों का आवागमन नहीं हो। सर्विस लेन में करीब 200 मीटर के क्षेत्र को घेरा गया है। इससे नेहरू नगर से मझौलिया के लिए सर्विसलेन बंद हो गया है।
विदित हो कि जनवरी में एजेंसी ने निर्माण कार्य शुरू करने से पहले स्थल का सर्वे किया था। इसमें बिजली के तीन नए पोल मिले थे। जिसे शिफ्ट करने के लिए विद्युत विभाग से पत्राचार किया गया है। बताया गया कि पोल शिफ्ट नहीं होने के कारण काम बाधित हो सकता है।
इसलिए इसकी शिफ्टिंग की आवश्यकता जताई गई है। गोबरसही चौक के पास जंक्शन प्वाइंट और रामदयालु नगर-भगवानपुर रैंप बनाने के लिए पाइलिंग शुरू किया जाएगा। इसकी लंबाई करीब 568.5 मीटर है।
वहीं माड़ीपुर-डुमरी रैंप की लंबाई 585.5 मीटर है। कुल चार रैंप बनाए जाएंगे। अन्य दो भगवानपुर और मझौलिया की ओर होगा। इस परियोजना पर 167.68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
18 माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। तब तक सर्विस लेन पूरी तरह बंद रहने की संभावना है। दानापुर की निर्माण एजेंसी की टेंडर मिला है। वर्ष 2027 तक आरओबी का निर्माण पूरा करते हुए वर्तमान समपार फाटक को बंद कर दिया जाएगा।
जाम से मिलेगी मुक्ति, सीधे जा सकेंगे हाजीपुर-पटना
इस परियोजना का लाभ कई स्तरों पर होगा। एनएच पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। आवागमन सुचारू होगा और सर्किट हाउस की ओर से सीधे डुमरी में उतरकर सकरी होकर हाजीपुर-पटना जाने का भी वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। क्योंकि इस सड़क का भी जीर्णोद्धार और नाला निर्माण का कार्य किया जा रहा है।