बालिका गृह: ब्रजेश के साथ परिवार के सदस्यों की अवैध संपत्ति होगी जब्त
ब्रजेश ठाकुर के साथ उसके परिवार के सदस्यों की संपत्ति के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे।
मुजफ्फरपुर । ब्रजेश ठाकुर के साथ उसके परिवार के सदस्यों की संपत्ति के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे। पुलिस मुख्यालय के आदेश पर जिले की विशेष जांच टीम इसमें जुटी है। निबंधन विभाग व डीटीओ समेत कई अन्य विभागों से संपर्क स्थापित किया गया। जिला पुलिस के साथ खुफिया टीम भी अपने स्तर से ब्रजेश के परिवार के सभी सदस्यों की संपत्ति खंगाल रही है। गत सप्ताह सीबीआइ टीम ने भी निबंधन विभाग से संपर्क कर ब्रजेश की चल-अचल संपत्ति के बारे में ब्योरा लिया था। वह इस दिशा में अपनी कार्रवाई भी कर रही है। लेकिन, पुलिस मुख्यालय के आदेश पर जिले की टीम भी ब्रजेश की संपत्ति का रिकॉर्ड जुटा रही है, ताकि अवैध ढंग से अर्जित संपत्ति की जब्ती हो सके।
पुलिस का कहना है कि ब्रजेश ठाकुर ने संस्था की आड़ में गलत ढंग से काफी संपत्ति अर्जित की है। इसके लिए उसकी पैतृक संपत्ति की भी डिटेल्स ली जा रही है, जिससे पता चल सके कि उसके पास पैतृक संपत्ति क्या है और उसे उसने किस तरह अर्जित किया गया। पुलिस ने इस काम में सकरा और मुशहरी प्रखंड के अंचलाधिकारियों से भी संपर्क किया है। होटल व गाड़ियों का लगाया जा रहा पता : पुलिस का कहना है कि मुख्यालय से कई बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी गई है। ब्रजेश व उसके परिवार के सदस्यों के पास कुल कितनी संपति है, उनके पास कितनी गाड़ियां हैं। होटल के अलावा शहर में और कितनी संपत्ति है। होटल किसके नाम से है। इन सब की विस्तृत रिपोर्ट देनी है।