Delhi Nizamuddin Markaz: तब्लीगी जमात में चंपारण के 15 लोग भी थे शामिल, पुलिस खोजने में जुटी
जमातियों में पश्चिम चंपारण के चार और पूर्वी चंपारण के 11 लोग शामिल। खोजबीन में जुटा पुलिस प्रशासन । प श्चिम चंपारण के चिउटाहां के एक युवक के घर पहुंची पुलिस नहीं मिला।
बगहा/ बेतिया/ मोतिहारी। Delhi Nizamuddin Markaz Tablighi Jamaat नई दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात में चंपारण के भी 15 लोग शामिल हुए थे। इनमें पश्चिम चंपारण के चार और पूर्वी चंपारण के 11 लोग हैं। इनकी एक सूची सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। पुलिस प्रशासन खोज में जुटा है। ये लोग उन 81 बिहारियों में हैं, जिनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका है। खबर है कि सभी रक्सौल से निकलकर नेपाल के रास्ते दिल्ली पहुंचे थे। हालांकि, स्थानीय प्रशासन अभी विस्तार से कुछ नहीं बता रहा है।
जमातियों में पश्चिम चंपारण के चिउटाहां थाना क्षेत्र के भितहां गांव निवासी मो. रियाजुल, बसटोला बेतिया निवासी मो. कलीमुल्लाह व सोराज मियां तथा लौरिया थाना क्षेत्र के लंगड़ी गांव के सैदुल्लाह मियां हैं। बुधवार सुबह सूची मिलने के बाद चिउटाहां थाना पुलिस मो. रियाजुल के घर पहुंची। उसके स्वजन ने कहा कि वह 15 वर्षों से नेपाल में रह रहा है। थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी ने कहा कि मामले की जांच कर विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है। बाहर से आनेवालों नजर रखी जा रही है। वहीं, चंपारण प्रक्षेत्र के डीआइजी ललन मोहन प्रसाद ने बताया कि सूची अभी नहीं मिली है। लेकिन, पुलिस अलर्ट है। जांच कराई जा रही है। हो सकता है कि ये लोग यहां छिपे हो।
उधर, पूर्वी चंपारण के 11 लोगों की खोज में भी पुलिस जुटी है। जिला प्रशासन और सीआइडी की ओर से जारी सूची में शिकारगंज थाना क्षेत्र के हराज गांव के एक, नरुल्लाहपुर के दो, चिरैया थाने के सेमरा सगरदीना गांव के तीन, मोतिहारी के छतौनी के तीन, मिस्कौट के एक और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुलरिया गांव के एक हैं। जिला प्रशासन ने इनके नाम की जानकारी नहीं दी है। शिकारगंज थाना पुलिस ने उक्त गावों में गांव जाकर सत्यापन किया। एसडीओ ज्ञान प्रकाश ने कहा कि सत्यापन के दौरान पता चला कि सूची में शामिल लोग दिल्ली में हैं।