समस्तीपुर में पोखर में नहाने गए चार बच्चे डूबे, दो की मौत, इस तरह हुई घटना
दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के मोख्तियारपुर गांव की घटना। प्रवीण और मनीष गांव के ही अन्य दो लड़कों के साथ घर के पास स्थित महादेव पोखर में नहाने गए थे। चारों बच्चे गहरे पानी में चले गए। प्रवीण और मनीष की डूबने से मौत हो गई।
समस्तीपुर, जेएनएन। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के मोख्तियारपुर गांव में पोखर में नहाने गए चार बच्चों में दो की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव ही वार्ड चार निवासी लालकिशुन राम के पुत्र प्रवीण कुमार (8) और मनोज महतो के पुत्र मनीष कुमार (10) के रूप में हुई।
बताया गया कि प्रवीण और मनीष गांव के ही अन्य दो लड़कों के साथ घर के पास स्थित महादेव पोखर में नहाने गए थे। चारों बच्चे गहरे पानी में चले गए। प्रवीण और मनीष की डूबने से मौत हो गई। अन्य दो बच्चे किसी तरह पानी से निकले। सूचना पर जुटे ग्रामीणों और स्वजनों ने दोनों शवों को निकाला। दारोगा संगीत कुमार और रतन दास ने जरूरी कागजी कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अमरनाथ चौधरी ने बताया कि दोनों बच्चों की मौत की रिपोर्ट भेज दी गई है। आपदा के तहत मुआवजा मिलेगा। घटना के बाद कोहराम मचा था। प्रवीण की मां शिवकुमारी देवी और मनीष की मां माला कुमारी बेहोश हो रही थी।