East Champaran News: मोतिहारी में 50 हजार का इनामी राजन सहनी समेत चार गिरफ्तार, हत्या मामले में था फरार
East Champaran News हत्या के मामले में फरार चल रहे शातिर बदमाश व पचास हजार का इनामी अपराधी राजन सहनी सहित चार अन्य बदमाशों को रविवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने इसकी पुष्टि की है।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। बंजरिया के मुखिया छबीला सिंह की हत्या के मामले में फरार चल रहे शातिर बदमाश व पचास हजार का इनामी अपराधी राजन सहनी सहित चार अन्य बदमाशों को रविवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है और उसकी निशानदेही पर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने इसकी पुष्टि की है। गिरफ्तार बदमाशों में रघुनाथपुर ओपी क्षेत्र के वार्ड नंबर दो के निवासी राजन सहनी व बंजरिया थाना क्षेत्र के अंबिकानगर निवासी लक्ष्मी सहनी तथा हरसिद्धि निवासी कृष्णा यादव व अगरवा निवासी एक युवक शामिल है। इसके नाम का खुलासा नहीं हो सका है।
बताया जाता है कि बंजरिया के मुखिया छबीला सिंह के हत्या के मामले में फरार चल रहे शातिर बदमाश रघुनाथपुर निवासी राजन साहनी व बंजरिया निवासी लक्ष्मी साहनी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया गया। बताते चलें कि जुलाई माह में मुखिया को गोली मार दी गई थी।
इलाज के दौरान पटना में मुखिया की मौत हो गई थी। पुलिस इस मामले में मंजेश साहनी सहित दो को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। राजन पर जिला पुलिस द्वारा 50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। कुख्यात राजन ने 10 जून को शहर के चांदमारी चौक पर सरेशाम फायरिंग कर राजेश व करण गुप्ता को जख्मी कर दिया था। राजन पर जिले के विभिन्न थानों में तीन दर्जन से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं।