चलती ट्रेन में युवती से फिर छेड़खानी
मुजफ्फरपुर। चलती ट्रेन में छेड़खानी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते चार दिनों में इस तरह
मुजफ्फरपुर। चलती ट्रेन में छेड़खानी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते चार दिनों में इस तरह की दो घटनाओं से ट्रेन की सुरक्षित यात्रा पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार रात करीब 1. 20 बजे लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस में मुजफ्फरपुर की एक युवती के साथ छेड़खानी हुई। वह एसी कोच की बी 2 बोगी में बहन के साथ सफर कर रही थी। दोनों बहनें लखनऊ से घर आ रही थीं। इसी दौरान सिवान व हाजीपुर के बीच नशे में धुत कोच अटेंडेंट उक्त बोगी में घुसा और बेडरोल के बहाने छेड़खानी शुरू कर दी। परेशान युवती ने हिम्मत कर रेलवे के टॉल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद रेल पुलिस ने ट्रेन के हाजीपुर पहुंचते ही आरोपित कोच अटेंडेंट रमेश सिंह को हिरासत में ले लिया। युवती ने उसे शराब के नशे में होने की बात कही। हालांकि, रेल थानाध्यक्ष ने इसकी पुष्टि नहीं की।
बेगूसराय का है आरोपित : जीआरपी थानाध्यक्ष अच्छेलाल सिंह यादव ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपित कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह बेगूसराय का निवासी है। जबकि, युवती मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र की है। उसके बयान पर मुजफ्फरपुर रेल थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
चार दिन पूर्व भी हुई थी घटना : इससे पहले दो जून को ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस में पूर्णिया की युवती से छेड़खानी हुई थी। इस बाबत पीड़िता की शिकायत पर हाजीपुर में ही एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया था। वह डाउन ग्वालियर एक्सप्रेस ट्रेन की बोगी नंबर ए-1 में यात्रा कर रही थी।
रेल एसपी संजय कुमार सिंह ने कहा कि छेड़खानी की घटनाएं चिंताजनक हैं। रेल पुलिस अफसरों को सभी ट्रेनों में लगातार गश्ती व सतत निगरानी के आदेश दिए गए हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।