मुजफ्फरपुर: लूट की साजिश रचते पांच लुटेरे गिरफ्तार, हथियार समेत कई सामान जब्त
मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना के विशुनपुर सरैया चौक से विशेष पुलिस टीम ने किया गिरफ्तार। शातिर मुमताज गिरोह से जुड़े हैं सभी लुटेरे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। विशेष पुलिस टीम ने लूट की साजिश रचते पांच लुटेरों को देवरिया थाना के विशुनपुर सरैया चौक स्थित एक बरगद के पेड़ के समीप से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता लगा कि ये सभी शातिर मुमताज गिरोह से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार लुटेरों के पास से तीन कट्टा, आठ बाइक, .315 की छह गोलियां, 12 बोर की दो गोली, एक गुप्ती, एक कार, दो लैपटॉप और नौ मोबाइल जब्त किया गया।
गुप्त सूचना पर की कार्यवाई
आरोपितों की पहचान देवरिया विशुनपुर शेरा के रौशन कुमार उर्फ चायनीज, देवरिया शेरा के मो. सनाउल, देवरिया बलिया के अभिषेक कुमार, देवरिया मेहदीगंज के मो. इबराज और देवरिया कोठी के दीपक कुमार के रूप में हुई है। उक्त बातों की जानकारी एसएसपी जयंत कांत ने मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर दी। उनके साथ सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह, प्रशिक्षु आइपीएस पूरण झा, डीएसपी पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद और सरैया एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा भी मौजूद थे।
एसएसपी ने कहा कि अपराधियों के जमावड़े की गुप्त सूचना मिलने पर उक्त पदाधिकारियों के साथ कथैया थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पारू थानाध्यक्ष फैसल अहमद और देवरिया थानाध्यक्ष संजय स्वरूप को टीम में शामिल किया गया। छापेमारी कर सभी को दबोच लिया गया। एसएसपी ने कहा कि इन सभी के खिलाफ शीघ्र चार्जशीट दायर कर स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाई जाएगी।
परीक्षा देकर लौट रही महिला को मारी थी गोली
दो फरवरी को सिपाही भर्ती परीक्षा देकर एक महिला देवरिया लौट रही थी। पारू ब्रह्मपुरा चौक के समीप इन सभी ने घेरकर लूटपाट की नीयत से उसे गोली मारकर घायल कर दिया था। इस घटना के अलावा कथैया और पारू में जनवरी में लूट की घटना को अंजाम दे चुका है। इस गिरोह का सरगना देवरिया का मुमताज वर्तमान में फरार है। रौशन उर्फ चायनीज इस गिरोह को लीड कर रहा है।
फूस का मकान और शौक हाईस्पीड बाइक
देवरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरों में किसी का घर फूस का तो किसी का खपरैल का है। लेकिन, इन सभी के पास हाईस्पीड बाइक है। उक्त बाइक लूटपाट के पैसे से या तो खरीदी गई है या लूटी गई है। इसका सत्यापन किया जा रहा है। इसके अलावा जो लैपटॉप बरामद हुआ है। इसकी भी जांच चल रही है।