पुलिस की गश्ती वाहन को मारी टक्कर, मेहसी थानाध्यक्ष सहित पांच पुलिसकर्मी जख्मी
हादसा मोतिहारी-मुजफ्फरपुर एनएच-28 अंतर्गत मेहसी थाना क्षेत्र के बखरी नाजीर शिव मंदिर के पास रविवार की रात हुई। घायलों का हो रहा इलाज।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जिले में सड़क हादसे में थानाध्यक्ष सहित पांच पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। यह हादसा मोतिहारी-मुजफ्फरपुर एनएच-28 अंतर्गत मेहसी थाना क्षेत्र के बखरी नाजीर शिव मंदिर के पास रविवार की रात हुई। इसमें मेहसी थानाध्यक्ष अवनीश कुमार को आंशिक चोट आई है। घायलों में गृहरक्षा वाहिनी के जवान नरसिंह राउत, चंदेश्वर शर्मा, उपेंद्र प्रसाद व चौकीदार नरेश यादव शामिल हैं। घटना में थाना के वाहन के परखच्चे उड़ गए। घायल पुलिस जवानों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को संध्या गश्ती के दौरान पुलिस वाहन में पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए व वह पलटती हुई गड्ढे में जा गिरी। घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल पुलिसकर्मियों को गाड़ी से बाहर निकाला व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेहसी पहुंचाया। जिसमें चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर किया गया। एसकेएमसीएच में उनका इलाज जारी है। थानाध्यक्ष को हल्की चोटें आई है।
चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। पुलिस वाहन को टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन का चालक गाड़ी लेकर भागने में सफल रहा। पुलिस उक्त गाड़ी की पहचान में जुटी हुई है। इस संबंध में जानकारी ली जा रही है। अभी पुलिस को गाड़ी की पहचान करने में सफलता नहीं मिल सकी है। पुलिस के अनुसार, टक्कर मारने वाले वाहन की जल्द ही पहचान कर ली जाएगी और इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।