वार्ड सदस्य के पुत्र को गोली मारने के मामले में तीन महिलाएं समेत पांच हिरासत में
महिलाओं में आरोपित विजय की मां और पत्नी शामिल। मछली मारने के विवाद में हुई थी घटना। स्थिति अब भी तनावपूर्ण।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मछली मारने के विवाद को लेकर वार्ड सदस्य के पुत्र अजय चौधरी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इसमें आरोपित विजय चौधरी की मां, पत्नी, एक आशा पुत्र, एक अन्य युवक व खबड़ा गांव की एक युवती शामिल है। सभी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों युवक व युवती से विजय का संबंध रहा है। अजय के पिता वार्ड पार्षद महेश चौधरी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें विजय चौधरी को नामजद आरोपित बनाया गया है। घटना के बाद से ही विजय फरार है। थानाध्यक्ष संजीव सिंह निराला ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्राथमिकी में यह कहा
प्राथमिकी में महेश चौधरी ने कहा है कि विजय चौधरी उसके पुत्र से 20 हजार रुपये रंगदारी मांग रहा था। सोमवार शाम उसका पुत्र पोखर में मछली का जीरा डालकर लौटने वाला था। तभी आरोपित ने वहां पहुंचकर रंगदारी में चारपहिया वाहन खरीदकर देने की मांग रखी। इससे इन्कार करने पर उसके पेट में गोली मार दी। बीचबचाव करने गई पार्षद की पत्नी शकुंतला देवी पर भी फायरिंग की। गोली उनके हाथ को छूती हुई निकल गई। उधर, निजी अस्पताल में भर्ती अजय के पेट का ऑपरेशन कर चिकित्सकों ने गोली निकाल दिया है। फिलहाल वह आइसीयू में है।