Madhubani Coronavirus News Update: मधुबनी के झंझारपुर नर्सिंग स्कूल में पांचों कोरोना पॉजिटिव भर्ती
मधुबनी में मिले पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों को झंझारपुर नर्सिंग स्कूल के सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। डीएस ने कहा -अभी नहीं दिख रहे लक्षण तबीयत बिगडऩे पर होगा रेफर।
मधुबनी, जेएनएन। Madhubani Coronavirus News Update: जिले में मिले पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों को सोमवार देर रात झंझारपुर नर्सिंग स्कूल के सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इनमें झंझारपुर से दो, मधुबनी शहरी क्षेत्र, कलुआही और मधेपुर से एक-एक पीडि़त हैं। हालांकि, यहां की इलाज की व्यवस्था बेहतर नहीं है। कुछ चिकित्सक और कर्मी सैनिटाइजर व मास्क के सहारे कार्यरत हैं।
झंझारपुर अनुमंडल अस्पताल के डीएस डॉ. किशोर चंद्र चौधरी ने कहा कि यहां भर्ती पांचों मरीजों में अभी लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। लक्षण आने पर यहां कफ और बुखार का इलाज दवा देकर किया जा सकता है। तबीयत ज्यादा खराब होने पर डीएमसीएच या पीएमसीएच रेफर किया जाएगा। क्योंकि, यहां इलाज की व्यवस्था नहीं है। यह क्वारंटाइन सेंटर जैसा ही कार्य कर रहा है।
लोगों में आक्रोश
पांचों मरीजों को यहां पर रखने के प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के निर्णय से लोगों में आक्रोश है। वे क्षेत्र के लिए घातक मान रहे हैं। इनका कहना है कि इलाज की व्यवस्था जिला स्तर पर होनी चाहिए। संपूर्ण जिला क्षेत्र के मरीजों को यहां कैसे भर्ती कर दिया गया? जिले में पॉजिटिव का इलाज सिर्फ खानापूर्ति है।