मधुबनी में बालू के अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पांच को किया गिरफ्तार Madhubani News
मधुबनी के जयनगर क्षेत्र में अवैध बालू खनन करने वालों के खिलाफ कार्यवाई की। छह वाहन जब्त पांच लोगों को किया गया गिरफ्तार। एसडीओ व डीएसपी के नेतृत्व में की गई छापेमारी।
मधुबनी, जेएनएन। जयनगर अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू खनन ( illegal sand mining) करने वालों के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीओ आेमी शंकर शरण और डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में फरदाही कमला नहर में छापेमारी अभियान चलाया गया। इसमें बालू के अवैध में लगे छह वाहनों को जब्त किया गया। साथ ही पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मालूम हो कि क्षेत्र में अवैध रूप से बालू खनन की सूचनाएं प्रशासन को मिल रही थीं। आज सुबह प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने जयनगर थाना क्षेत्र के फरदाही कमला नहर के आसपास छापेमारी शुरू की। टीम के पहुंचते ही अवैध रूप से बालू का खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। इसमें जुटे लोग भागने लगे। मगर, पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दो लोग भागने में सफल रहे। गिरफ्तार लोगों में तीन जब्त किए गए वाहनों के चालक हैं। टीम ने यहां एक बालू लदा ट्रैक्टर, एक जेसीबी व चार डम्फर जब्त कर लिया है। सभी वाहनाें के कागजात की जांच की जा रही है। ताकि, इनके मालिक की जानकारी हो सके।