मुजफ्फरपुर में पैसों के लेनदेन के विवाद में प्रोपर्टी डीलर पर फायरिंग, बाल-बाल बचे Muzaffarpur news
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना के मालीघाट चूना भट्ठी रोड की घटना। बाल-बाल बचे प्रोपर्टी डीलर दीवार में लगी गोली एक गोली बरामद।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले के मिठनपुरा थाना के मालीघाट चुना भट्ठी रोड में बुधवार की रात एक प्रोपर्टी डीलर पर फाइरिंग की गई। लेनदेन विवाद में हत्या की नीयत से फायरिंग की गई। लेकिन, वे बाल-बाल बच गए। गोली दीवार पर जा लगी। बदमाशों ने दूसरी गोली फायर करने का प्रयास किया। लेकिन, गोली लोड नहीं हुई और जमीन पर गिर गई। पीडि़त अफरोज आलम उर्फ लक्की चिल्लाते हुए बाइक छोड़कर भागे।
कुछ दूर आगे मोहल्ले के दर्जनों युवक सरस्वती पूजा की तैयारी पंडाल बनाकर कर रहे थे। लक्की को चिल्लाता देख सभी बाहर आ गए। उसने कहा कि उसपर फायरिंग हुई है। यह सुनकर सभी युवकों ने उसे भीतर बैठा लिया और सड़क पर खड़े हो गए। यह देखकर बदमाश भाग निकले। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन की। एक गोली बरामद किया गया। वहीं दीवार पर गोली लगने का निशान भी मिला।
लक्की ने बताया कि उसका कुछ लोगों से पैसा लेनदेन का विवाद चल रहा है। इसी कारण उसकी हत्या कर देना चाहते हैं। बताया कि बाइक से तीन बदमाश उसका पीछा कर रहे थे। मौका देखते ही पीछे से फायरिंग कर दी। लेकिन, वह बच गया। प्रभारी थानाध्यक्ष विजय सिन्हा ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।