रवि किशन का पड़ोसी देश पर जोरदार हमला, 'अब पाकिस्तान को पटककर मारने में जोश आता है'
गोरखपुर के भाजपा सांसद सिने स्टार रवि किशन ने मुजफ्फरपुर में कहा- जिस देश में राष्ट्रभक्ति वह विकास में अग्रणी। कहा- अब पाकिस्तान को पटककर मारने में जोश आता है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। गोरखपुर के भाजपा सांसद भोजपुरी सिने स्टार रवि किशन ने रविवार को मुजफ्फरपुर से राष्ट्रवाद व देशहित में मोदी सरकार के कार्यों को गिनाया। कहा- सालों बाद देश में राष्ट्रवाद हर आदमी में जागा है। भारत माता की जय बोलने में शक्ति का अहसास होता है। अब वंदे मातरम् बोलने के दौरान खून में जोश आता है। अब पाकिस्तान को पटककर मारने में जोश आता है।
वे शहर के एक निजी होटल में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। कहा कि आज अमेरिका ऊंचाई पर है। चाइना व अन्य विकसित देश ऊंचाई प्राप्त कर रहे हैं। यह सारा कुछ इस कारण से है कि वहां के लोगों में अपने देश के प्रति श्रद्धा है। आज हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी ने एक काम किया है कि देश के हर आदमी के अंदर राष्ट्रभक्ति जगा दिया है। यहीं राष्ट्रभक्ति हमें ऊंचाई तक लेकर जाएगी।
बिहार सरकार द्वारा भोजपुरी फिल्म के विकास के लिए लिए गए ताजा फैसलों का स्वागत करते हुए रवि ने कहा- बिहार सरकार ने भोजपुरी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं का सम्मान किया है। इस निर्णय से भोजपुरी भाषा और स्थानीय कलाकारों का मान बढ़ेगा। इसके लिए सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी बधाई के पात्र हैं।
सिनेमा से राजनीति में आने के सवाल पर कहा- पहले पर्दे पर न्याय के लिए लड़ रहा था। हर आदमी के जीवन में एक वक्त चुकाने का (पे बैक टाइम) आता है। मेरे जीवन में भी सेवा भाव से काम करने का समय आया। मुझे गोरखपुर की जनता का स्नेह मिला है। लोकसभा चुनाव के बाद यहां नहीं आ सका था। सो यहां के लोगों का स्नेह लेने आया हूं। मौके पर नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा मौजूद थे।