पर्व पर हर किसी की घर पहुंचने की चाहत पर ट्रेनों में NO ROOM, ऐसे घर पहुंच रहे लोग Muzaffarpur News
ओवरलोड चल रहीं अधिकतर बसें। हर दिन दिल्ली व अन्य जगहों से पहुंच रहीं तीन दर्जन बसें।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पर्व करीब आते ही सूबे से बाहर रहे लोगों के पहुंचने का क्रम आरंभ हो गया है। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने से परेशान लोग अब बस को विकल्प के रूप में चुन रहे हैं। ऐसे में दिल्ली बस सेवा में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। हर दिन करीब तीन दर्जन बसें बैरिया पहुंच रही हैं। बसें ओवरलोड चल रही है। इसका फायदा कई बस संचालक उठा रहे हैं। वे मनमाना किराया वसूल रहे हैं। सबसे अधिक मनमानी सिंगल स्लीपर में है। इसका किराया 2500 से 3000 रुपये लिया जा रहा है।
बसों में खड़े होकर सफर की मजबूरी
बैरिया बस पड़ाव में पहुंचने वाली अधिकतर बसें क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर पहुंच रही है। रांची, सिल्लीगुडी, पूर्णिया समेत लंबी दूरी की अधिकतर बसें ओवरलोड चल रही हैं। वहीं बैरिया से अन्य जगहों के लिए भी खुलने वाली अधिकतर बसें ओवरलोड चल रही हैं। कई बसों में यात्री खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं।
सरकारी बसों में भी यात्रियों की भीड़
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में भी यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इमलीचट्टी स्थित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के डिपो से विभिन्न्न रूटों के लिए खुलने वाले बसों में भीड़ है। लोग खड़े होकर सफर कर रहे हैं।