विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चाचा' कहकर दी लिफ्ट, फिर थमा दिया ईंट-पत्थर भरा बैग; मुजफ्फरपुर में इंजीनियर से हजारों की लूट

Published: Mon, 21 Sep 2026 08:36 PM (IST)

सरैया में 'चाचा' कहकर लिफ्ट देने के बहाने एक इंजीनियर को बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों ने बैग बदलकर ईंट-पत्थर ...और पढ़ें

'चाचा' कहकर जीता भरोसा और लिफ्ट देकर इंजीनियर को लूटा (AI Generated Image)

'चाचा' कहकर जीता भरोसा और लिफ्ट देकर इंजीनियर को लूटा (AI Generated Image)

HighLights

  1. इंजीनियर को 'चाचा' कहकर लिफ्ट देकर विश्वास जीता।

  2. बदमाशों ने बैग बदलकर ईंट-पत्थर से भरा बैग थमाया।

  3. 24 हजार नकद और कीमती सामान लेकर बदमाश फरार।

संवाद सहयोगी, सरैया। 'चाचा' कहकर पहले भरोसा जीता और लिफ्ट देकर बाइक पर बैठाने के बाद इंजीनियर को बदमाशों ने लूट लिया। रास्ते में मौका मिलते ही बैग बदल लिया। ईंट-पत्थर से भरा दूसरा बैग थमा पुलिस चेकिंग का झांसा देकर बाइक से नीचे उतारा और बदमाश फरार हो गए।

घटना सरैया थाना क्षेत्र में एसएच-86 सरैया-मोतीपुर पथ पर चकिया टोला महमदपुर बाया में निर्माणाधीन रेलवे लाइन के पास सोवार सुबह की है। बैग में हजारों रुपये नकद और कीमती सामान मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि जैतपुर थाना क्षेत्र के रेपुरा रामपुर बल्ली निवासी राजकिशोर सिंह कोलकाता में स्टेट ट्रांसपोर्ट में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वह कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे।

मिथिला एक्सप्रेस ट्रेन से मुजफ्फरपुर जंक्शन पर उतरने के बाद वह बस से सरैया पहुंचे। सरैया में वह जैतपुर चौक जाने के लिए किसी गाड़ी के इंतजार में खड़े थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। घर तक सुरक्षित पहुंचाने का झांसा देकर विश्वास में ले लिया।

इंजीनियर उनके झांसे में आ गए और बाइक पर बैठ गए। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें यह कहकर बाइक से उतार दिया कि 'आगे पुलिस की चेकिंग चल रही है, आप दूसरी गाड़ी से चले जाइए।'

इसी अफरा-तफरी के बीच बदमाशों ने बड़ी चालाकी से उनका बैग बदल दिया और वहां से बाइक घुमाकर वापस सरैया की तरफ फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद जब उन्होंने अपना बैग खोला तो कपड़ों में लपेटकर ईंट और पत्थर रखे हुए थे।

पीड़ित ने बताया कि उनके बैग में 24 हजार रुपये नकद, नए कपड़े, घर के लिए खरीदी गई मिठाई और कुछ जरूरी सरकारी कागजात रखे हुए थे। सूचना मिलते ही सरैया थाने की गश्ती टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस ने पीड़ित से घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस अब आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कार्रवाई में जुट गई है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े पिस्टल के बल पर होमगार्ड जवान व भाभी से लूटपाट, जेवरात व बैग ले उड़े अपराधी