Durga Puja 2020: भक्तों के लिए आज खुल जाएंगे मां दुर्गा के पट, कोरोना काल में इस तरह की रहेगी व्यवस्था
Durga Puja 2020 इस दौरान भक्तों की भीड़ नहीं लगे इसके लिए खास इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न स्तरों पर सुरक्षात्मक प्रबंध किए गए हैं। पूजा स्थलों के पास शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करने के लिए कोविड मानकों के अनुरूप घेरा तैयार किया गया है।
दरभंगा, जेएनएन। Durga Puja 2020 : शारदीय नवरात्र के छठे दिन देवी दुर्गा के छठे स्वरूप देवी कात्यायिनी की पूजा की गई। बेल निमंत्रण की रीति पूरी की गई। इसी के साथ सभी मंदिरों में स्थापित देवी की प्रतिमा का पट खुलने की तैयारी पूरी की गई। शुक्रवार को देवी मंदिरों में स्थापित प्रतिमाओं की पूजा के लिए माता के द्वार खुलेंगे। हालांकि इस दौरान भक्तों की भीड़ नहीं लगे इसके लिए खास इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न स्तरों पर सुरक्षात्मक प्रबंध किए गए हैं। पूजा स्थलों के पास शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करने के लिए कोविड मानकों के अनुरूप घेरा तैयार किया गया है। साथ ही मास्क व सैनिटाइजर का इंतजाम किया गया है।
सादगी के बीच हो रही पूजा
शहर के विभिन्न मंदिरों में देवी की पूजा हो रही है। लेकिन, इस बार बहुत भीड़ जमा होने की गुंजाइश कहीं भी नहीं है। जिला प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में मंदिर के पास भीड़ नहीं लगे।
जिलाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक ने दिया निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम व वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने जिले के सभी थानों की पुलिस को सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। कहा है कि किसी भी स्थिति भीड़ नहीं लगे, इसका खास ध्यान रखें। साथ ही शरारती तत्वों पर नजर रखने को कहा गया है।