Delhi Nizamuddin Markaz: सीतामढ़ी से भी तब्लीगी जमात मेें शामिल हुए थे दर्जनों लोग, दो पकड़े गए
नानपुर के दाे मस्जिदों में दिल्ली से लौटे लोगों के छुपे होने की मिल रही सूचना। कई लोगों की हुई पहचान मगर प्रशासन का उनके नाम बताने से इन्कार।
सीतामढ़ी, जेएनएन। दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी मरकज की जमात में सीतामढ़ी से भी दर्जनों लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। उनमें से कुछ तो नेपाल भाग गए हैं, इस बीच दो लोगों को बॉर्डर से सटे बैरगनिया में पकड़ा गया है। गुरुवार रात ये दोनों पकड़े गए। उनको तुरंत पीएचसी ले जाकर स्क्रीनिंग कराई गई। फिर वहां से सदर अस्पताल लाया गया है।
उधर, नानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कछुआ चकौती पंचायत के पकटोला इलाके की दो मस्जिदों में 20-22 लोगों के बाहर से आकर शरण लेने की बात सामने आ रही है। बताया जाता है कि बुधवार देररात ढाई बजे ये सभी इस क्षेत्र में दाखिल हुए और दो अलग-अलग मस्जिदों में शरण ले रहे हैं। इस इलाके में दो मस्जिद हैं। एक मस्जिद में दस लोग और शेष के दूसरी मस्जिद में ठहरे होने की सूचना मिल रही है। स्थानीय पुलिस व प्रशासन को भी सूचना दी गई है। मगर, उनके बारे में आधिकारिक तौर पर कोई सूचना अभी तक सामने नहीं आई है। बताया जाता है कि सीतामढ़ी से इस कौम की एक बड़ी जमात हर साल तब्लीगी मरकजों में भाग लेने जाया करती रही है। इस बार भी बड़ी तदाद में ये लोग गए थे।मगर, प्रशासन इनके बारे में कोई सूचना नहीं दे पा रहा है।
हालांकि, दो दिन से प्रशासन उनकी टोह जरूर ले रहा है। सीतामढ़ी जिले के कई प्रखंडों में पुलिस व प्रशासन ने तब्लीगी जमात से लौटने वालों की टोह ली। सीतामढ़ी शहर में भी विभिन्न मस्जिदों व मदरसों में सर्च ऑपरेशन चलाया। शहर के राजोपट्टी स्थित मस्जिद में मेहसौल ओपी प्रभारी मो. मोहसीर अली ने इमाम से जानकारी ली। उनसे अपील की कि वैसे लोगों की सूचना मिलती है तो तुरंत पुलिस को इत्तला किया जाए। मेजरगंज प्रखंड में बीडीओ अमर कुमार, थानाध्यक्ष राजदेव व एसएसबी माधोपुर कैंप इंचार्ज इंस्पेक्टर नागेंद्र ने संयुक्त जांच की। मुख्यालय बाजार के दो मदरसाें व खाप गांव के एक मदरसे की जांच की गई।
बिहार होकर नेपाल लौटे छह लोग तीन दिन पूर्व ही पकड़े गए
दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी जमात में नेपाल से भी छह लोग शामिल हुए थे, जो बिहार होकर लौट गए हैं। बॉर्डर क्षेत्र की पुलिस को उनके लौटने की भनक तक नहीं लग पाई। तीन दिन पहले सभी लौटे हैं। नेपाल में उन सभी 6 लोगों को सप्तरी जिला पुलिस ने हिरासत में लेकर क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया है।
सप्तरी के पुलिस प्रमुख एसपी कृष्ण प्रसाई ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार को राजविराज नगरपालिका से छह व्यक्ति पकड़े गए। वे सभी दिल्ली स्थित तब्लीगी जमात में शामिल होकर लौटे हैं और यहां पहुंचकर अपने घर में घुस गए थे। सूचना मिलते ही उन सबको घरों से लाकर थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई और तत्काल कवाटरंइन सेंटर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि और भी लोगों की आने की संभावना है, जिस पर पुलिस नजर रख रही है।