मुजफ्फरपुर: बढ़ते ठंड को लेकर DM ने जारी किया आदेश, 10 से दो बजे तक ही खुलेंगे स्कूल व कॉलेज
ठंड बढऩे के बाद जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश कहा- सभी स्कूल कॉलेज व शिक्षण संस्थान सुबह दस से दोपहर दो बजे तक खुलेंगे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। ठंड बढऩे के साथ ही जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने स्कूल, कॉलेज व सभी शिक्षण संस्थानों के समय में बदलाव किया है। इस संबंध में शनिवार को जिलाधिकारी ने आदेश जारी किया है। कहा गया है कि सोमवार से जिले के निजी, सरकारी स्कूल व कॉलेज तथा सभी शिक्षण संस्थाएं 10 से दो बजे तक ही खुले रहेंगे। यह आदेश 26 दिसंबर तक लागू रहेगा। इसके बाद मौसम के अनुसार फिर आगे के लिए बदलाव किया जाएगा। आदेश की प्रति सभी पदाधिकारियों व शिक्षण संस्थानों को भेज दी गई है।
मौसम का यह है पूर्वानुमान
शनिवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। जिससे ठंड बढी है, हवा में कनकनी है। मौसम का पूर्वानुमान है कि सुबह व शाम को कुहासा घना रहेगा। जिले में शीत लहर चलने की संभावना है। पछुआ हवा अब 15 किमी की गति तक चल सकती है। इससे ठंड में वृद्धि होगी। कल सुबह तक मौसम आम तौर पर शुष्क रहेगा। लेकिन, दोपहर के बाद से 25 तक जिले में आसपास कहीं कहीं हल्की वर्षा / बूंदाबांदी हो सकती है। अगले तीन दिनों में सुबह अधिकतम नमी 95 फीसद तथा दोपहर में 70 फीसद तक रहने का अनुमान है।