दीपावली-छठ में घर लौटना होगा आसान, मुजफ्फरपुर-रक्सौल-सीतामढ़ी से चलती रहेंगी स्पेशल ट्रेनें
पूर्व मध्य रेल ने दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए मुजफ्फरपुर, रक्सौल और सीतामढ़ी से चलने ...और पढ़ें

इसमें जागरण आर्काइव से तस्वीर ली गई है।
HighLights
हानगरों में काम करने वाले लोगों को त्योहार पर घर लौटने के लिए अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिलेगा
नई दिल्ली-रक्सौल स्पेशल ट्रेन का परिचालन भी जारी रहेगा
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। दीपावली और छठ के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच यात्रियों के लिए राहत की खबर है। पूर्व मध्य रेल ने मुजफ्फरपुर, रक्सौल और सीतामढ़ी से मुंबई, दिल्ली और हरिद्वार के लिए चल रही कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया है।
इससे महानगरों में काम करने वाले लोगों को त्योहार पर घर लौटने के लिए अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिलेगा। हाजीपुर मुख्यालय की ओर से 14 सितंबर को इन ट्रेनों का संशोधित परिचालन कार्यक्रम जारी किया गया है।
इन रूटों पर जारी रहेंगी ट्रेनें
रेलवे की ओर से जारी सूची में मुजफ्फरपुर-हरिद्वार, हरिद्वार-मुजफ्फरपुर, मुजफ्फरपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल और लोकमान्य तिलक टर्मिनल-मुजफ्फरपुर की स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
इनके अलावा रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनल, लोकमान्य तिलक टर्मिनल-रक्सौल, रक्सौल-नई दिल्ली और नई दिल्ली-रक्सौल स्पेशल ट्रेन का परिचालन भी जारी रहेगा।
सीतामढ़ी से मुंबई का सफर भी आसान
सीतामढ़ी-लोकमान्य तिलक टर्मिनल और लोकमान्य तिलक टर्मिनल-सीतामढ़ी के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलती रहेंगी। इससे सीतामढ़ी और आसपास के यात्रियों को मुंबई आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
लंबी प्रतीक्षा सूची के बीच राहत
त्योहारी सीजन में मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग मुंबई, दिल्ली और अन्य महानगरों से घर लौटते हैं। दीपावली के बाद छठ में घर आने वाले यात्रियों की संख्या और बढ़ जाती है। नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ने के कारण लंबी प्रतीक्षा सूची बन जाती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों का परिचालन यात्रियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।
स्पेशल ट्रेन का ही लगेगा किराया
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि उक्त सभी ट्रेनें स्पेशल ट्रेन के रूप में ही चलेंगी। इनमें उसी के अनुरूप किराया लिया जाएगा। अलग-अलग अवधि के लिए जारी संशोधित परिचालन कार्यक्रम के अनुसार इन ट्रेनों की सेवाएं जारी रहेंगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के समय और परिचालन तिथि की जानकारी रेलवे की आधिकारिक व्यवस्था से प्राप्त कर लें।
यह भी पढ़ें- कोलकाता से गोरखपुर का सफर होगा आसान, समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी में रुकेगी स्पेशल ट्रेन
