Akshat Utkarsh death case: क्या रूममेट स्नेहा चौहान ने ही कराई अक्षत उत्कर्ष की हत्या ? जानिए उसने क्यों उठाया ऐसा कदम
Akshat Utkarsh death case स्रेहा के खिलाफ आज नगर थाना में दर्ज कराई जाएगी प्राथमिकी। अक्षत के पिता ने कहा शादी करने के लिए वह बना रही थी दबाव। इन्कार करने पर करा दी हत्या। उसकी बहन ने भी घर के लोगों पर दबाव बनाया था।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। Akshat Utkarsh death case: सुशांत सिंह राजपूद के बाद एक और फिल्मी कलाकार की मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। अक्षत की संदिग्ध स्थिति में मौत को लेकर उसके पिता विजयंत किशोर उर्फ राजू चौधरी प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर गुरुवार को नगर थाना में आवेदन देंगे। इसमें अक्षत की रूममेट स्नेहा चौहान व अन्य को आरोपित बनाया जाएगा। उनके पिता ने बताया कि स्नेहा चौहान अक्षत पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी। उसकी बहन ने भी घर के लोगों पर इसके लिए दबाव बनाया। जबकि अक्षत ने इस शादी से इन्कार कर दिया था। उसने उसे बता दिया था कि वह अपने परिवार की मर्जी से शादी करेगा। इससे स्नेहा नाराज हो गई। उसकी इस बात को लेकर कई बार आपस में कहासुनी हुई। इसके बाद उसने अक्षत की हत्या करावा दी। उनका दावा है कि इसके बाद इस घटना को सफाई के साथ खुदकुशी का रूप दिया गया। जिससे किसी को शक नहीं हो। पुलिस ने भी अपेक्षित सहयोग नहीं किया।
वकील से ले रहे सलाह
उन्होंने बताया कि सुशांत सिंह राजपूत कांड में उसके पिता ने पटना के थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वे भी उसी तरह नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। जरूरत पडऩे पर वे हाईकोर्ट भी जाएंगे। अपने अधिवक्ता से कानूनी सलाह ले रहे हैं।
यह है मामला
27 सितंबर की रात मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर निवासी अक्षत उत्कर्ष की मुंबई के अंधेरी वेस्ट के एक फ्लैट में संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। उसके शव को लाने गए उसके चाचा विक्रांत किशोर के साथ मुंबई पुलिस ने अमानवीय व्यवहार किया। घटनास्थल पर साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने दावा किया कि अक्षत की हत्या की गई। उन्होंने बताया था कि अक्षत की मौत की खबर मिलने के बाद वह शव लेने मुंबई गए थे। इस दौरान पुलिस ने उनको सही जानकारी नहीं दी। प्राथमिकी की कॉपी भी नहीं दी।