भेल आइबी में सदर थाना शिफ्ट, प्रभारी थानाध्यक्ष सहित सभी नए स्टाफ की प्रतिनियुक्ति
कोरोना वायरस से पुलिस अधिकारियों व कर्मियों के संक्रमित होने के बाद मंगलवार को सदर थाना खबड़ा के भेल कॉलोनी के निरीक्षण भवन में अस्थाई तौर पर शिफ्ट कर दिया गया है।
मुजफ्फरपुर। कोरोना वायरस से पुलिस अधिकारियों व कर्मियों के संक्रमित होने के बाद मंगलवार को सदर थाना खबड़ा के भेल कॉलोनी के निरीक्षण भवन में अस्थाई तौर पर शिफ्ट कर दिया गया है। अगले आदेश तक थाना यही से संचालित होगा। एसएसपी के आदेश पर वहां नए प्रभारी थानाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों व जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ब्रह्मापुरा थाना में पदास्थापित दारोगा मनोज देव को सदर थाना का प्रभारी थानाध्यक्ष प्रतिनियुक्ति किया गया है। अन्य पुलिस पदाधिकारियों में नगर थाना से दारोगा पन्ना लाल पाठक, जमादार रामजी प्रसाद, काजीमोहम्मदपुर से दारोगा मुनेश्वर सिंह, जनार्दन राय, मिठनपुरा थाना से दारोगा विश्वनाथ भगत, काटी थाना से जमादार हरिवलभ कुमार, बेला थाना से दारोगा शिव कुमार, करजा थाना से दारोगा अशोक कुमार शर्मा को सदर थाना में प्रतिनियुक्ति किया गया है। पूर्व में यहां पदास्थापित सभी पदाधिकारियों व जवानों को होम क्वरंटाइन पर भेजा गया है।
सिटी एसपी ने किया निरीक्षण : सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह मंगलवार को दोपहर आइबी स्थित सदर थाना पहुंचे। उन्होंने प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार देव व अन्य पदाधिकारियों को संक्रमण से बचते हुए अपराध नियंत्रण की कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया।
कराया गया सैनिटाइज : संक्रमण से बचाव को लेकर सदर थाना के अधिकारियों की निजी व सरकारी मोबाइल टेबल, कुर्सी, सभी कागजात व थाना कक्ष को सैनिटाइज किया गया। देर शाम तक बिजली आपूíत बहाल करने और साफ-सफाई का काम चला।
फरियादियों को हुई परेशानी : भेल कॉलोनी के आइबी में सदर थाना भवन शिफ्ट किए जाने को लेकर फरियादियों को परेशानी हुई। भगवानपुर स्थित पुराने थाना भवन में कई फरियादी पहुंचे। वहां से भेल कॉलोनी तक काफी दूरी होने व सड़क पर जलजमाव से भी फरियादियों को पहुंचने में परेशानी हुई।
संक्रमण को लेकर लापरवाही बरतने वाला सदर थाना का जमादार निलंबित कोराना वायरस के संक्रमण को लेकर लापरवाही बरतने के आरोपित सदर थाना के जमादार को एसएसपी जयंत कांत ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने कार्रवाई के लिए अनुशंसा की थी।
संपर्क में आए 76 की जांच : सदर थाना में पदस्थापित जमादार के संपर्क में आए अब तक 76 पुलिस कर्मियों की पहचान की गई है। सभी की जांच कराई गई है।
ये रही लापरवाही : डीएसपी की रिपोर्ट में पुलिसकíमयों के संक्रमित होने के मामले में सदर थाना के जमादार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। उनका भतीजा कोरोना पॉजिटिव था। इसकी जानकारी होने के बाद भी वे विभाग के निर्देशों का पालन नहीं किया। भतीजा को अपने साथ घुमाया। होम क्वारंटाइन होने के बदले लगातार थाना पर आते-जाते रहे। थानाध्यक्ष व अन्य वरीय पुलिसकíमयों के समझाने का भी उन पर कोई असर नहीं पड़ा। अपनी रिपोर्ट को भी छिपा लिया। रिपोर्ट पॉजिटिव आई, लेकिन थाना के पुलिसकíमयों को निगेटिव की जानकारी दी।