दरभंगा में पीपल के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
स्वजनों में मचा कोहराम जांच में जुटी पुलिस। मनियारी निवासी स्व. बौकू सहनी के पुत्र विनोद सहनी (35) अपनी पत्नी और बच्चों के साथ चार मई से ससुराल में रह रहा था। शनिवार को विनोद अपनी मां से मिलने के लिए गया था अपने गांव।
दरभंगा, जासं। विशनपुर थानाक्षेत्र के भरौल-रत्नोपट्टी पथ में शंकरपुर बगीचा स्थित सोमवार की सुबह पीपल के पेड़ पर एक युवक का शव लटका हुआ मिला। इसके बाद लोगों की नजर पड़ते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव पीपल के डाली पर अटका हुआ मिला। जबकि, गले में गमछे का फंदा पाया गया। डाली और फंदा की दूरी काफी कम होने के कारण आस-पास के लोग इसे हत्या बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। बहरहाल, सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बीच शव की पहचान मब्बी ओपी क्षेत्र के मनियारी निवासी स्व. बौकू सहनी के पुत्र विनोद सहनी (35) के रूप में की गई है। शव को देखते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि घटना स्थल से कुछ दूरी स्थित मुस्तफापुर में विनोद का ससुराल है। जहां वह चार मई से रह रहा था। दिल्ली में टेंट में मजदूरी करने वाले विनोद अपने साला की शादी में शामिल होने के लिए चार मई को ससुराल आया था। इसके बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रहा था। शनिवार को वह अपनी मां से मिलने के लिए अपने गांव मिनयारी गया था। रविवार की शाम वह अपनी पत्नी से फोन पर बात किया और बताया कि वह लौट रहा है। लेकिन, देर रात वह वापस ससुराल नहीं पहुंचा। इस बीच सोमवार की सुबह मिट्टी कटाई करने वाले ट्रैक्टर चालकों की नजर पीपल के पेड़ पर पड़ी । शव देखते ही चालकों ने हल्ला किया। कुछ ही देर में लोगों ने शव की पहचान की और सुसराल के लोग पहुंच गए। घटना को लेकर लोग तरह-तरह की बात कह रहे हैं।
घटना की सूचना विनोद की पत्नी देवकी देवी, पुत्र कृष्ण कुमार (10) और मुरारी कुमार (8) दहाड़ मारकर रो रहे थे। बताया कि उन लोगों की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। विनोद किसी बात को लेकर नाराज भी नहीं था। ऐसी स्थिति में यह आत्महत्या है अथवा हत्या यह कहना मुश्किल हैं। इधर, सदर एसडीपीओ कृष्णनंदन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। बहरहाल, मामले की जांच की जा रही है। विनोद के मोबाइल को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी फर्दबयान नहीं हुआ है। फर्दबयान के बाद बहुत कुछ साफ हो जाएगा।