बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक को उमड़ी भीड़, 1.5 लाख भक्तों ने किया जलाभिषेक Muzaffarpur News
अब तक करीब एक लाख सामान्य कांवरिये 20 हजार से अधिक डाक बम व 30 हजार स्थानीय भक्तों ने किया जलाभिषेक। कांवरियों से पटी बाबा नगरी शिवमय हुआ शहर।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बाबा गरीबनाथ की नगरी मुजफ्फरपुर में तीसरी सोमवारी पर रविवार की शाम से जो जलाभिषेक का क्रम शुरू हुआ वह अभी तक जारी है। वैसे तो रविवार की सुबह से ही कांवरिया बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करने लगे थे।
बाबा गरीबनाथ नगरी में आस्था का सैलाब
दोपहर में करीब डेढ़ घंटे के लिए गर्भगृह के पट बंद किए गए। इसके बाद कांवरियों ने फिर गर्भ गृह में जाकर बाबा का जलाभिषेक किया। संध्या समय कुछ देर के लिए जलाभिषेक रोका गया। रात करीब आठ बजे से अरघा लगा दिया गया। इसके बाद भक्तों ने अरघा के माध्यम से बाबा के अभिषेक किए। 12 बजे के बाद तो जैसे जलाभिषेक के लिए कांवरियों का हुजूम ही उमड़ पड़ा। उन्हें संभालना स्वयंसेवकों के लिए मुश्किल हो रहा था। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक डेढ़ लाख से अधिक कांवरियों ने बाबा का जलाभिषेक किया।
जगह-जगह थी बैरिकेडिंग
पिछली सोमवारी को व्यवस्था में जो थोड़ी-बहुत खामियां रह गई थी, उसे देखते हुए इस बार बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई थी। कांवरियों को परेशानी न हो, इसके लिए दुरुस्त प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी। बैरिकेडिंग कर कांवरिया मार्ग में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया गया था। हर चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस तैनात थे। शिवभक्तों की आस्था को ठेस नहीं पहुंचे, इसका भी ख्याल रखा जा रहा था।
मेले में आकर्षण का केंद्र बना द्वादश ज्योतिर्लिंग
श्रावणी मेले के दौरान साहू रोड में बिहारी युवा मंच की ओर से लगाए गए कांवरिया शिविर में द्वादश ज्योतिर्लिंग की झांकी भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। सांझ ढलने के बाद उसकी सुंदरता तो देखते बनती थी।
75 फीट के कांवर के साथ आए कांवरिये
वैशाली जिले के भगवानपुर से 75 फीट के सुसज्जित कांवर के साथ रविवार को कांवरिये यहां पहुंचे। इसे 11 लोग कांधे पर लेकर चल रहे थे। यह कांवर जिन मार्गों से भी निकला, इसे देखने के लिए लोगों की कतार लग गई।
दंड प्रणाम देते पहुंचे कई बम
पहलेजा घाट से कई दंडी बम रास्ते भर दंड प्रणाम देते हुए बाबा के जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। उनके साथ कई लोग मार्ग की सफाई करते हुए चल रहे थे। करीब 75 किमी की लंबी दूरी तय कर उन्होंने बाबा को अभिषेक करने का संकल्प पूरा किया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप