बिहार: डबल मर्डर से दहला मुजफ्फरपुर, दो गार्डों की गोली मारकर हत्या
मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक साथ दो गार्डों की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। जिले में दो गार्डों की हत्या से सनसनी मच गई है। दोनों गार्ड की एक साथ अपराधियों ने गोली मारकर हत्या दी है। दोनों प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करते थे और रात में ड्यूटी पर तैनात थे। घटना मुजफ्फरपुर जिले के बरुराज थाना के चुनहाई चौक की है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नही है।
आशंका जताई जा रही है कि गुरुवार की देर रात अपराधियों ने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी और उनके शव बिरती गाछी में फेक दिए। घटना के बाद आस-पास के गाव में भय का माहौल बना हुआ है। मृतक एक गार्ड की पहचान शत्रुघ्न साहनी के रूप में की गई है वहीं दूसरे गार्ड की अबतक पहचान नहीं हो सकी है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने साहेबगंज-मुज़फ़्फ़रपुर मार्ग को जाम कर दिया और नारेबाजी की। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना देने पर घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी कृष्णमुरारी दल-बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और पुलिस की टीम जांच में जुट गई।
स्थानीय लोगों ने बताया है कि प्लाइवुड की फैक्ट्री छोटन सिंह की है जहां दोनों मृतक गार्ड की ड्यूटी करते थे। पुलिस टीम ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। प्लाइवुड फैक्ट्री के मालिक से भी पूछताछ की जाएगी। हत्या के कारणों का अबतक पता नहीं चल सका है।