मोतिहारी में बदमाशों ने दवा व्यवसायी को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस EastChamparan News
पूर्वी चंपारण के बंजरिया थाना क्षेत्र की घटना। बंजरिया पोखरा बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप बाइक सवार बदमाशों ने दवा व्यवसायी गोली मार दी और फरार हो गए। निजी नर्सिंग होम में चल रहा इलाज।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। बंजरिया थाना क्षेत्र के बंजरिया पोखरा बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप गुरुवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने दवा व्यवसायी शिव ठाकुर (72) को गोली मार दी और फरार हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को इलाज के लिए शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया गया है कि गोली सीने और कनपटी के पास लगी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल की बहू ने बताया कि वह दूध लाने के लिए बंजरिया पोखर के पास गए थे। लौटने के क्रम में बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार शिव ठाकुर एक नई दुकान खोलने की तैयारी में थे। इसका उदघाटन होनेवाला था। ऐसा समझा जाता है कि उनके पास 18 से 20 लाख रुपए पूंजी के रूप में थी। बदमाशों ने इस लोभ में घटना को अंजाम दिया हो सकता है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि बदमाश कितनी संख्या में थे, इसकी जानकारी ली जा रही है।
समस्तीपुर में पंचायत में चली गोली युवक को लगी, गंभीर
समस्तीपुर के बीथान थाना क्षेत्र के सलहा बुजुर्ग में पंचायत के दौरान गोली चल गई। इसमें एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। युवक की पहचान स्थानीय ठक्को साहू के बेटे मनोज साहू के रूप में हुई है। स्थानीय पीएचसी में इलाज के बाद उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा कि किसी विवाद को लेकर गांव में देर शाम पंचायत लगी थी। इसमें बैजू सहनी और संतोष सहनी का मामला चल रहा था। पंचायत में फैसला सुनाए जाने के बाद दोनों में विवाद हो गया। मौके पर ही गोलीबारी हो गई। इसमें गोली मनोज को जा लगी। गोली दाहिने पैर में घुटने के ऊपर लगी है। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई है। प्राथमिकी की प्रक्रिया की जा रही।