यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों ने ठेकेदार को एके-47 से भूना
मुजफ्फरपुर में आज सुबह अपराधियोें ने AK 47 से ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक ठेकेदार की हत्या कर दी और फरार हो गए।

मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। बेखौफ अपराधियों ने मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मीना दत्त लेन में गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे ठेकेदार प्रणय कुमार उर्फ अतुल शाही को एके-47 से भून डाला। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। सभी की उम्र 25-30 वर्ष के बीच बताई गई है। अपराधियों ने हेलमेट पहन रखे थे।
अतुल शाही मूल रूप से कांटी प्रखंड के वीरपुर गांव के थे। मीना दत्त लेन में किराए के मकान में रह रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में रंगदारी नहीं देने व रुपये के लेनदेन में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
इधर, नगर डीएसपी आशीष आनंद, मिठनपुरा इंस्पेक्टर विजय प्रसाद राय व एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एफएसएल की टीम ने मौके से कई नमूने भी एकत्र किए हैं।
घर के गेट पर मारी गोली
आसपास के लोगों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे अतुल बुलेट से घर से स्टेशन के लिए निकले। हर रोज वे वाहनों के हिसाब-किताब के सिलसिले में स्टेशन जाते थे। वहां भाड़े पर वाहन चलाने का व्यवसाय है। करीब 20-25 मिनट बाद वापस एमडीडीएम कॉलेज के सामने वाली वीसी लेन गली की तरफ से अपने घर लौटे। उनके पीछे ही हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवक पहुंचे। घर का मुख्य गेट बंद था।
गेट खोल जैसे ही बुलेट अंदर ले जाने लगे, वैसे ही अपराधियों ने पीछे से उनपर गोलियों की बौछार कर दी। दो गोली गेट में लगी, जबकि नौ गोलियां उनके गले व शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं। वे वहीं गिर पड़े और दम तोड़ दिया। हालांकि, परिजन आनन-फानन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: एक युवती की दर्द भरी कहानी: दुष्कर्म,पंचायत, निकाह और फिर फोन पर तलाक
अपराधियों ने रखी थी पूरी जानकारी
अपराधियों को ठेकेदार के आने-जाने का समय व रास्ते की पूरी जानकारी थी। वे किस समय घर से बाहर निकलते और किस तरफ से आते-जाते थे, इसकी पूरी सूचना थी। गोली मारने के बाद किस ओर से भागना था, इसके लिए अपराधियों ने मोहल्ले की रेकी भी की थी। शायद इसी वजह से संकीर्ण गली में ठेकेदार के घर के गेट पर गोली मारने के बाद अपराधी शिवशंकर पथ की ओर से भाग निकले। वे मेन रोड की तरफ नहीं जाकर गली के रास्ते भाग निकले।
बयान
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पूर्वी व नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सभी बिंदुओं पर अनुसंधान कर अपराधियों की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।
विवेक कुमार, एसएसपी