पार्सल पाने वाले ने कुरियर कंपनी के खिलाफ क्यों दर्ज कराई शिकायत, आपके लिए भी जानना जरूरी
दामूचक के एक उपभोक्ता को मोबाइल की जगह साबुन की डिलीवरी, पूछने पर कुरियर कंपनी कर्मी ने झाड़ा पल्ला
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। यदि आप भी कीमती सामान कुरियर कंपनी से मंगाते या भेजते हैं तो सावधान हो जाएं! क्योंकि शहर में कई ऐसी कुरियर कंपनियां हैं जो इसके नाम पर ग्राहकों को चूना लगाती हैं। दामूचक के सुशील कुमार शाही के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। उन्होंने बेटे के हाथों दिल्लीं से एक मोबाइल कुरियर कंपनी के माध्यम से मंगवाया था। जब इस कंपनी के कर्मचारी के सामने पैकेट खोला गया तो मोबाइल की जगह साबुन निकला। इस संबंध में उन्होंने ब्रह्मपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें इमलीचट्टी स्थित एक कुरियर कंपनी के कर्मी को आरोपित बनाया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। कंपनी के अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी ली है। सामान डिलीवरी करने वाले उक्त कर्मी की तलाश कर पूछताछ करने की कवायद पुलिस कर रही है।
पीडि़त ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र ने दिल्ली से एक कुरियर कंपनी द्वारा मोबाइल पार्सल किया था। गुरुवार को यह कुरियर कंपनी के कार्यालय से मिला। कार्यालय में एक कर्मी के सामने जब पार्सल वाले डब्बे को खोला तो उसमें मोबाइल की जगह साबुन रखा था। कर्मी से इसकी शिकायत की तो वह टालमटोल करने लगा। कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
सुशील कुमार तो एक उदाहरण हैं। उनके जैसे दर्जनों लोग आए दिन कुरियर कंपनी के इस गोरखधंधे के शिकार हो जाते हैं। सुशील ने तो इसकी शिकायत थाने में करने की हिम्मत भी दिखाई, अधिकांश लोग तो पुलिस के चक्कर से बचने के लिए इस धोखाधड़ी की शिकायत तक नहीं करते हैं। जब से ऑनलाइन खरीदारी का चलन बढ़ा है, इस तरह की गतिविधियां चरम पर पहुंच गई हैं। जानकार बताते हैं कि ऑनलाइन शॉपिंग में बंपर छूट का दंभ भरने वाली छोटी कंपनियां इन कुरियर कंपनियों के साथ मिलकर इसी तरह का खेल करती हैं। भोले लोग इसके जाल में उलझ जाते हैं। कई लोग तो बहुत बड़ा नुकसान कर बैठते हैं। उपभोक्ताओं को चाहिए कि वे केवल ऑफर के झांसे में न आएं। खरीदारी के समय संबंधित कंपनी और उसकी कुरियर सेवा के बारे में भी जानकारी हासिल कर लें। यदि वह भरोसेमंद हो तभी खरीदारी करें। इसी तरह की सावधानी कुरियर करने भी बरतें।