जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के चंदन बखरी स्थित हाईवे पर बुधवार की देर शाम तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य घायल हो गया। इसके बाद लोग आक्रोशित हो गए। स्थानीय लोग सड़क पर उतरकर हंगामा करने लगे।

सूचना मिलने के बाद अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। इसके बाद घायल को इलाज के लिए भेजा। साथ ही दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की पहचान खानपुर के मो. जुबैर व पटियासा के राकेश कुमार के रूप में हुई है।

वहीं, घायल दीपक कुमार का इलाज चल रहा है।  बताया गया कि एक बाइक पर तीन लोग मेडिकल ओवरब्रिज से बोचहां की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में कंटेनर ने बाइक सवारों को रौंद दिया। दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि बाइक सवार अनियंत्रित होकर कंटेनर में जा घुसे थे। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

जब लोग दौड़े तो चालक कंटेनर लेकर भाग निकला। अहियापुर थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घायल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि हाईवे पर तेज रफ्तार पर प्रशासन की ओर से ब्रेक लगाने की कोई कोशिश नहीं की जा रही है। ऐसे में हाईवे पर लगातार सड़क दुर्घटना में लोगों की जान जा रही है।

Edited By: Yogesh Sahu