उत्तर बिहार में छाए रहेंगे बादल, कितने दिनों तक रहेगी यह स्थिति...जानें Samastipur News
तराई क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर थोड़ी अधिक वर्षा होने की संभावना। कुछ स्थानों पर तेज हवा भी चलने का अनुमान।
समस्तीपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार के जिलों में गरज वाले बादल छाए रह सकते हैं। इस अवधि में मैदानी और तराई दोनों क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। तराई के जिलों के कुछ स्थानों पर थोड़ी अधिक वर्षा हो सकती है। यह कहना है डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग का।
मंगलवार को अगले 29 सितंबर तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर बिहार के जिलों में गरज वाले बादल छाए रहेंगे। मैदानी और तराई क्षेत्रों के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। मैदानी इलाके की तुलना में तराई क्षेत्र के कुछ स्थानों पर थोड़ी अधिक वर्षा की भी संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जबकि, न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। औसतन 10 से 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से मुख्यत: पुरबा हवा चलने का अनुमान है। कहीं-कहीं हवा की गति सामान्य से थोड़ा तेज रहने का भी अनुमान है। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 85 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 65 से 75 प्रतिशत रहने की संभावना है।
खड़ी फसल में सिंचाई कार्य स्थगित रखें
किसानों के लिए समसामायिक सुझाव में कहा गया है कि पूर्वानुमानित अवधि में वर्षा की संभावना को देखते हुए किसान खड़ी फसलों में ङ्क्षसचाई स्थगित रखें। इस अवधि में कीटनाशी दवाओं का छिड़काव भी स्थगित रखें। कीटनाशी दवाओं का छिड़काव आसमान साफ रहने पर हीं करें। जो किसान धान, मक्का, खरीफ प्याज, चारा और अन्य सब्जियों में नेत्रजन उर्वरक का उपरिवेशन नहीं किए हैं, वे आवश्यकतानुसार नेत्रजन उर्वरक का इस्तेमाल करें।