Shivam murder case : आरोपित का करीबी पुलिस हिरासत में, जानें पूछताछ में क्या मिली जानकारी
Shivam murder case शिवम के गायब मोबाइल को खोज रही पुलिस सर्विलांस से ली जा रही मदद। छापेमारी में फरार मिले सभी आरोपित।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। साहेबगंज के वार्ड सदस्य के पुत्र शिवम सिंह की हत्या के नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने देर रात ताबड़तोड़ छापेमारी की। अहियापुर से लेकर साहेबगंज तक यह छापेमारी चली। हालांकि सभी आरोपित फरार मिले। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद से ही सभी गांव से गायब है।
बंद मिल रहा मोबाइल
पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। वह एक आरोपित का करीबी बताया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है। शिवम के गायब मोबाइल को भी पुलिस खोज रही है। उसके मोबाइल पर लगातार कॉल किया जा रहा है। लेकिन, यह बंद मिल रहा है। सदर थाना पुलिस ने सर्विलांस सेल की टीम से संपर्क किया है।
अंतिम लोकेशन की तलाश
सर्विलांस से उसके मोबाइल का अंतिम लोकेशन की जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। इससे जांच की दिशा तय करने में मदद मिलेगी। शुक्रवार की रात सदर थाना के डुमरी दुबे टोला के निकट शिवम को गोलियों से भून दिया गया था। चाकू से उसका पेट चीर दिया गया था। इस मामले में उसके पिता प्रमोद सिंह के बयान पर गांव के ही मनोज सिंह, उसके भांजा चंदन कुमार, सुशील कुमार सिंह व हेमंत को नामजद आरोपित बनाया गया है।
दुकान का ताला तोड़कर ढाई लाख की चोरी
साहेबगंज थाना क्षेत्र के खुर्शेदा वार्ड नंबर 1 स्थित शिव दयाल साह की आभूषण व बर्तन दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर सोना चांदी के आभूषण, बर्तन, नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत 2.5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। इस संबंध में पीडि़त ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह शनिवार शाम दुकान बंद कर अपने घर चले गए। रविवार सुबह दुकान खोलने के लिए आने पर देखा कि शटर का ताला गायब था तथा आभूषण समेत उक्त सामान की चोरी हो चुकी थी। इस मामले में उसने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।