Bihar 1st Bihari 1st Yatra: चिराग बोले- बिहार को अभी और विकास की दरकार, सूबे को बनाएंगे नंबर वन
लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान Bihar 1st Bihari 1st Yatra के दूसरे दिन शिवहर व सीतामढ़ी में थे। उन्हाेंने कहा- बिहार को नंबर वन प्रदेश बनाएंगे।
शिवहर/सीतामढ़ी, जेएनएन। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान Bihar 1st Bihari 1st Yatra के दूसरे दिन शिवहर व सीतामढ़ी में थे। उन्हाेंने कहा- बिहार को नंबर वन प्रदेश बनाएंगे। उन्हाेंने कहा कि आजादी के बाद विकास की दौड़ में अधिकांश राज्य आगे निकल गए लेकिन बिहार पीछे रह गया। अब ऐसा नहीं होगा। हम बिहार को विकास के शीर्ष पर ले जाएंगे। कुछ ऐसा करेंगे कि बिहारी को बाहर नहीं जाना पड़े, बल्कि अन्य प्रदेशों से लोग यहां अवसर ढूंढऩे आएं। बिहारी दिल्ली नहीं जाएगा। दिल्ली वालों को बिहार आना होगा।
बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट यात्रा पर पहुंचे चिराग ने अतिथि भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए 225 सीटों पर जीत हासिल करेगा। नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर सरकार बनेगी। बिहार के विकास का श्रेय सीएम नीतीश कुमार को देते हुए उन्होंने कहा कि सूबे को अभी और विकास की दरकार है। इसी मुहिम को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी रायशुमारी करने निकली है।
उन्होंने कहा कि हम समस्याओं का अध्ययन करने निकले हैं। एक विजन डॉक्यूमेंट्री-2020 बन रही, जिसमें सात सदस्य हैं। इसे लोजपा अपने घोषणापत्र में शामिल करेगी। प्रयास होगा कि सभी समस्याओं का समाधान कर बिहार देश का नंबर एक राज्य बने।
नीतीश कुमार की सराहना करते हुए चिराग ने कहा कि इसमें संदेह नहीं कि उन्होंने दमदार नींव रखी है। अब जरूरत इमारत खड़ी करने की है। अभी अस्पतालों में समुचित व आधुनिक चिकित्सा सुविधा का अभाव है। हर जिले में एक डायलिसिस केंद्र होना आवश्यक है। महिलाओं की सुरक्षा एवं संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए त्वरित न्यायालय नहीं है।
नियोजित शिक्षकों की हड़ताल पर चिराग ने कहा कि सख्ती के बजाय वार्ता से समाधान खोजा जाए। इस यात्रा का समापन 14 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में होगा। उन्होंने लोगों से वहां पहुंचने की अपील की। इसके पश्चात चिराग का काफिला सीतामढ़ी के लिए निकल गया।