बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट यात्रा: चिराग पासवान बोले- राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक
बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट यात्रा के तहत समस्तीपुर में पहुंचकर लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पत्रकारों से बात की। कहा- मुख्यमंत्री को जमीनी स्थिति से अवगत कराएंगे।
समस्तीपुर, जेएनएन। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने ही गठबंधन की सरकार पर सवाल उठाए हैं। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को चिंताजनक बताया। शुक्रवार को अतिथि गृह में पत्रकार वार्ता में चिराग ने कहा कि मैं नीतीश कुमार की आलोचना नहीं करता, लेकिन राज्य की सुरक्षा चिंता का विषय है। हमारी पार्टी बिहार की एनडीए सरकार में शामिल नहीं है, बल्कि बाहर से समर्थन कर रही है। हमारा उद्देश्य मुख्यमंत्री को जमीनी स्थिति से अवगत कराना है, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति को वे और बेहतर कर सकें।
उन्होंने कहा कि बिहार के सभी लोग पुलिस अधीक्षक और डीएसपी का नंबर नहीं जानते। लेकिन, यह जानते हैं कि 100 नंबर डायल करने पर निकटवर्ती थाने की पुलिस को सूचना दी जा सकती है। लेकिन, यह 100 नंबर काम ही नहीं करता। काम करता भी है तो पुलिस उतनी तत्पर नहीं रहती। जबकि, सूचना मिलने के दस मिनट के अंदर पुलिस को पहुंच जाना चाहिए। ऐसा नहीं होने के कारण अपराधी आराम से आपराधिक घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि आजादी के सत्तर साल बाद भी उतना विकास बिहार का नहीं हो पाया है, जितना होना चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में काम हुआ है। लेकिन बिहार में और भी काम होना बाकी है, जिससे बिहार विकसित प्रदेश बन सकें। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करना होगा।