मुजफ्फरपुर में जल्द शुरू होगा चाइल्ड फ्रेंडली कोर्ट, तैयारी अंतिम चरण में
यौन हिंसा पीडि़त बच्चों को दिया जाएगा अलग माहौल। विशेष पॉक्सो कोर्ट के मामले की होगी सुनवाई। दीवारों को बच्चों को लुभाने वाली चित्रकारी की जा रही है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। यौन हिंसा पीडि़त बच्चों के लिए जिले में जल्द चाइल्ड फ्रेंडली कोर्ट शुरू होगा। इसका निर्माण अंतिम चरण में है। कोर्ट के अंदर व बाहर की दीवारों को बच्चों को लुभाने वाली चित्रकारी की जा रही है। इसका उद्देश्य उन्हें सहज माहौल देना है। उन्हें यह नहीं अहसास हो कि वे कोर्ट में है। विशेष पॉक्सो कोर्ट के मामले की सुनवाई इस कोर्ट में होगी। इस कोर्ट का उद्घाटन हाईकोर्ट के निरीक्षी जज के करने की संभावना है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
बच्चों के लिए खिलौने, टॉफी, बिस्किट व होगा टीवी
कोर्ट से सटे कक्ष में बच्चों के लिए खिलौना, पुस्तकें, टॉफी व बिस्किट भी रहेगा। उनके मनोरंजन के लिए टीवी भी लगाए जाएंगे। पीडि़त बच्चे यहां खेल भी सकते हैं। आरओ के शुद्ध पेयजल की व्यवस्था होगी। इन पीडि़त बच्चों के साथ उनकी मां भी साथ रह सकती है।
सामान्य कोर्ट से अलग रहेंगे पीडि़त
इस कोर्ट का उद्देश्य पीडि़त बच्चों को सामान्य कोर्ट की भीड़-भाड़ से अलग रखना है। यहां आकर भी उसे कोर्ट का अहसास न हो और सहज तरीके से अपनी बात कोर्ट के समक्ष रख सके। विशेष लोक अभियोजक पॉक्सो नरेंद्र कुमार ने बताया कि पीडि़ता का बयान इस कोर्ट में कराए जाएंगे। यहां माहौल इतना सहज होगा कि वे किसी तरह का भय या दबाव महसूस नहीं करेंगे।