मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पूर्वी चंपारण में, जानें क्या है कार्यक्रम East champaran News
कल्याणपुर में पूर्व सांसद कमला मिश्र की प्रतिमा का करेंगे अनावरण। मुख्यमंत्री रविवार दोपहर एक बजे पहुंचेंगे। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहेंगे।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जिले के कल्याणपुर प्रखंड के मदन सिरसिया गांव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को पूर्व सांसद स्व. कमला मिश्र मधुकर के स्मारक व प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर चल रही तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री रविवार दोपहर एक बजे पहुंचेंगे। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहेंगे।
सीएम के आगमन कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। एक दिन पहले से ही वरीय अधिकारी एक-एक चीज पर नजर रख रहे हैं। कार्यक्रम के अनुसार चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के लिए दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी व जवान लगाए गए हैं। इस दौरान वहां मौजूद रहने वालों की सूची भी आयोजक के साथ मिलकर फाइनल किया जा रहा है। गांव में प्रतिमा अनावरण के अलावा कंप्यूटर सेंटर व अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र का भी शुभारंभ करेंगे। गांव में पंचायत सरकार भवन की आधारशिला भी रखेंगे। जिलाधिकारी रमण कुमार व पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार शर्मा ने कार्यक्रम स्थल की सूक्ष्मता से जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पूर्व सांसद स्व. कमला मिश्र मधुकर की पत्नी डॉ. कामना मिश्रा, पुत्री शालिनी मिश्रा व पुत्र शैलेश चंद्र कार्यक्रम की तैयारी में लगे हैं।