मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे पूर्वी चंपारण, पूर्व सांसद की प्रतिमा का किया अनावरण East champaran News
सीएम ने पूर्व सांसद स्व. कमला मिश्र मधुकर की प्रतिमा का किया अनावरण। पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश। पूर्व सांसद की पत्नी और परिजनों से की मुलाकात।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। कल्याणपुर प्रखंड के मदन सिरसिया गांव में रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व सांसद स्व. कमला मिश्र मधुकर के स्मारक व प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम हेलीकॉप्टर से दोपहर ढाई बजे सिरसियां गांव पहुंचे। कार्यक्रम स्थल के समीप बने मंच पर जाकर लोगों का अभिवादन किया व इसके बाद पूर्व सांसद के स्मारक व प्रतिमा का अनावरण किया। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी भी थे।
मुख्यमंत्री ने विस अध्यक्ष के साथ स्मारक के पास पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आमसभा का कार्यक्रम नहीं होने के बाद भी यहां हजारों लोग पहुंचे थे। सीएम ने लोगों के समीप जाकर उनका अभिवादन किया व यहां आने के लिए धन्यवाद देकर उन्हें संतुष्ट करने का प्रयास किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद के घर जाकर उनकी पत्नी डॉ. कामना मिश्रा से मुलाकात की व उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने पूर्व सांसद की पुत्री शालिनी मिश्रा के सामाजिक स्तर पर किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इसके पूर्व श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद की पत्नी डॉ. कामना मिश्रा ने की। कार्यक्रम को राज्य के सहकारिता मंत्री राणा रणधीर ङ्क्षसह, विधान पार्षद बबलू गुप्ता, सतीश कुमार, पूर्व मंत्री डॉ. महाचंद्र प्रसाद ङ्क्षसह, अवधेश कुशवाहा, वीरेंद्र कुशवाहा, श्याम बिहारी प्रसाद, जदयू जिलाध्यक्ष भुवन पटेल आदि ने संबोधित किया और स्व. मधुकर को गरीब व शोषितों का नेता बताया। मौके पर विभिन्न दलों के कई गणमान्य नेता मौजूद थे।