औराई में मुखिया पति व समर्थकों पर निर्दोष युवकों की पिटाई का आरोप
औराई प्रखंड के सरहंचिया गाव में मुखिया पति ने दो दर्जन समर्थकों से साथ दो युवकों की पिटाई कर दी। पीड़ित तिलक राज व चंदन कुमार ने ग्राम कचहरी में जख्मों के निशान दिखाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
मुजफ्फरपुर। औराई प्रखंड के सरहंचिया गाव में मुखिया पति ने दो दर्जन समर्थकों से साथ दो युवकों की पिटाई कर दी। पीड़ित तिलक राज व चंदन कुमार ने ग्राम कचहरी में जख्मों के निशान दिखाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ितों ने बताया कि बुधवार शाम राममिलन ठाकुर के दरवाजे के पास मुख्य सड़क पर सुंदेश महतो ने मुखिया के दरवाजे पर आने को कहा। दोनों वहां पहुंचे तो मुखिया पति ने युवकों पर गाव के चौराहे पर गोली चलाने का आरोप लगाया। पाच दिन पूर्व दो युवकों का सरेआम हथियार लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसका आरोप लगाकर दोनों की पिटाई कर दी। पीड़ितों ने उनसे बताया कि वे आज ही बाहर से आए हैं तो नशे में मुखिया पति व समर्थक आगबबूला हो गए और उनके बेहोश होने तक पिटाई करते रहे। बाद में गाव के दीनानाथ सिंह ने मुखिया पति को समझाकर युवकों को बचाया। इस दौरान उनकी बाइक व मोबाइल भी छीन ली। ग्राम कचहरी में सरपंच को आवेदन देकर गाव के ही सुंदेश महतो, राजकुमार महतो, शिवचंद्र महतो, रतन महतो समेत 25 अन्य को आरोपित कर न्याय की गुहार लगाई गई है। मालूम हो कि पांच दिन पहले सरहंचिया चौक पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गोलीबारी की थी। इसका वीडियो वायरल हुआ था।
उधर, मुखिया पति राजदेव महतो ने पिटाई की बात स्वीकार करते हुए कहा कि दोनों युवक उन्हें धमकी देने आए थे। गोलीबारी के वायरल वीडियो में उसका मित्र व स्वजन दिख रहा है। वहीं, सरपंच असरफी सहनी ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने आवेदन दिया है। दोनों पक्षों की बातें सुनकर आगे की कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।