विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Muzaffarpur News : जदयू चुनाव में बवाल, जिलाध्यक्ष पद पर CM नीतीश कुमार लेंगे अंतिम फैसला

By Amrendra tiwariEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 01 Mar 2026 04:56 PM (IST)Updated: Sun, 01 Mar 2026 09:21 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में जदयू जिलाध्यक्ष चुनाव के दौरान भारी हंगामा और तोड़फोड़ हुई। 18 उम्मीदवारों के नामांकन के बाद पर्यवेक्षक ने ...और पढ़ें

Muzaffarpur JDU election : 18 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। जागरण

Muzaffarpur JDU election : 18 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। जागरण

HighLights

  1. जदयू जिलाध्यक्ष चुनाव में समर्थकों ने जमकर हंगामा किया।

  2. मुजफ्फरपुर में कुर्सियां-टेबल तोड़कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

  3. अंतिम निर्णय के लिए मामला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भेजा।

अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) जिला अध्यक्ष के चुनाव के दौरान रविवार को जमकर हंगामा हुआ। कुल 18 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। पर्यवेक्षक ने सभी से एक नाम पर सहमति बनाने को कहा।

इस पर उम्मीदवारों के समर्थक हंगामा करने लगे। कच्ची-पक्की में विवाह भवन परिसर स्थित बैठक स्थल में कुर्सियां और टेबल तोड़ डाली। हंगामा और तोड़फोड़ देख वहां मौजूद नेताओं ने पर्यवेक्षक के साथ बैठक की।

राज्य चुनाव पदाधिकारी से मार्गदर्शन लेने के बाद एक नाम पर सहमति बनाने के लिए सूची पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भेज दी गई। अब वही अंतिम निर्णय लेंगे।

जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर सुबह से ही समर्थकों के साथ उम्मीदवार पहुंचने लगे। जिला पर्यवेक्षक डा. रामप्रवेश पासवान, निर्वाची पदाधिकारी अशोक चौधरी, विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह एवं विधायक ई. अजीत कुमार, कोमल सिंह, आदित्य कुमार और अजय कुशवाहा की उपस्थिति में कुल 18 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।

इसके बाद पर्यवेक्षक ने उम्मीदवारों के बीच चुनाव की जगह सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनने का प्रस्ताव रखा। इसका कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। नारेबाजी करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने में पार्टी पदाधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जिला पर्यवेक्षक डा. रामप्रवेश पासवान ने बताया कि प्रदेश चुनाव अधिकारी को स्थिति से अवगत करा दिया गया है। प्रत्याशियों से बातचीत कर सहमति बनाने की कोशिश की गई, लेकिन समर्थक नारेबाजी करने लगे। इसलिए सहमति नहीं बन सकी। अंतिम निर्णय के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया है।

political 1

मुजफ्फरपुर में गुस्साए जदयू कार्यकर्ताओं ने टेबल और कुर्सियां तोड़ दीं। 

इन लोगों ने किया नामांकन 

निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामबाबू सिंह कुशवाहा, देवेंद्र सहनी, सुनील पांडेय, शिवेश्वर कुमार शर्मा, हरिओम कुशवाहा, पूर्व विधान पार्षद गणेश भारती, चंद्रशेखर आजाद, कारी साहु, सुबोध कुमार सिंह, विपुल कुमार, अनिल कुमार राम, मनोज कुमार, सविता शाही उर्फ पिंकी शाही, जितेंद्र मांझी, इरफान अहमद दिलकश, सुरेश भगत, अनिल कुमार व मनोज कुमार।

चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद नहीं आया कोई उम्मीदवार

मुजफ्फरपुर । जनता दल यू के महानगर अध्यक्ष पद के चुनाव में एक भी उम्मीदवार की ओर से नामांकन दाखिल नहीं किए जाने से चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रदेश चुनाव अधिकारी से मार्गदर्शन लिया और अंतिम निर्णय के लिए मामला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास भेज दिया गया।


निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन शांडिल्य एवं पर्यवेक्षक राज किशोर ठाकुर ने बताया कि महानगर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का समय सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित था। इस अवधि में एक भी नामांकन प्राप्त नहीं हुआ। इस कारण चुनाव नहीं कराया जा सका।

उन्होंने बताया कि यदि एकल नामांकन होता तो इसकी सूचना पार्टी मुख्यालय को भेजी जाती। यदि दो या अधिक उम्मीदवार होते तो चुनाव कराया जाता। वर्तमान महानगर जदयू अध्यक्ष अनुपम कुमार सहित किसी भी संभावित उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। महानगर जदयू अध्यक्ष अनुपम कुमार ने कहा कि यहां किसको जवाबदेही दी जाएगी, यह राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फैसला करेंगे।