Weather Forecast: उत्तर बिहार में धूप खिलने से मिली राहत, शुक्रवार को बूंदाबांदी के आसार
आज सुबह से ही धूप खिलने से दिन में ठंड से थोड़ी राहत मिली वहीं शाम में कनकनी बढ़ी। ठंड के असर से समस्तीपुर में दो लोगों मौत हो गई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में गुरुवार को तेज धूप खिलने से दिन में थोड़ी राहत मिली। लेकिन, शाम ढलते ही कनकनी बढ़ी। ठंड के असर से समस्तीपुर जिले में दो लोगों की मौत हो गई।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि, पूसा (समस्तीपुर) के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार के मुताबिक, तेज धूप से तापमान अचानक ऊपर चढ़ गया। लेकिन, दिनभर बादलों की लुकाछिपी से अपेक्षित राहत नहीं मिली। शुक्रवार को उत्तर बिहार में कहीं -कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। आसमान में बादल छाए रहने और सूर्य प्रकाश के कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्र्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्र्री रिकॉर्ड किया गया। इस तरह अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। दो दिनों बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक ने बूदांबांदी की संभावना को देखते हुए किसानों से अभी ङ्क्षसचाई कार्य स्थगित रखने को कहा है।