बालिका गृह मामला : विक्की से सीबीआइ जानना चाह रही ब्रजेश व मधु के रिश्ते
गिरफ्तारी के बाद पांच दिनों के लिए सीबीआइ की रिमांड पर है विक्की। ब्रजेश व मधु के काले कारनामे का साझेदार है विक्की।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बालिका गृह यौन हिंसा मामले में पांच दिनों के रिमांड पर लिए गए मधु के रिश्तेदार विक्की से सीबीआइ पूछताछ कर रही है। रिश्तेदार होने के कारण वह मधु व ब्रजेश ठाकुर का खास राजदार रहा है। वह दोनों के काले कारनामे का साझेदार है। वैसे तो वह ब्रजेश ठाकुर के दरभंगा में संचालित एनजीओ का काम देखता था, लेकिन बालिका गृह में भी उसका काफी आना-जाना था। यहां डॉक्टर के रूप में मशहूर अश्विनी कुमार से भी उसके विशेष ताल्लुकात थे।
असलियत जानना चाह रही सीबीआइ
मामले के मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर व उसके खास राजदार मधु के बीच विक्की भी शामिल था। सीबीआइ उससे दोनों के बीच के संबंधों को जानने का प्रयास कर रही है। हालांकि सीबीआइ उससे पूछताछ से मिली जानकारी को सार्वजनिक करने से इन्कार की है।
सीबीआइ रिमांड पर है विक्की
शनिवार को सदर थाना क्षेत्र से सीबीआइ ने विक्की को गिरफ्तार किया था। उसे शनिवार की शाम को विशेष पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया। सीबीआइ की अर्जी पर विशेष कोर्ट ने उसे पूछताछ के लिए पांच दिनों के रिमांड पर दे दिया।
दुष्कर्म का आरोप
सीबीआइ की ओर से कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में विक्की पर बालिका गृह की लड़कियों के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। उसे फरार दिखाते हुए उसके खिलाफ यह चार्जशीट दाखिल किया गया था।