मुजफ्फरपुर के इमामगंज में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
नगर थाना क्षेत्र के इमामगंज मोहल्ले में हाईकोर्ट के आदेश पर सोमवार को अतिक्रमण हटाया गया। विरोध व सड़क जाम करने की कोशिश करने वालों को सख्ती से खदेड़ दिया गया।
मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र के इमामगंज मोहल्ले में हाईकोर्ट के आदेश पर सोमवार को अतिक्रमण हटाया गया। विरोध व सड़क जाम करने की कोशिश करने वालों को सख्ती से खदेड़ दिया गया। इसके बाद बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण कर बनाए गए पक्के मकान और झोपड़ियों को ध्वस्त किया गया। इसके कारण लोगों में आक्रोश रहा। अतिक्रमण हटाने के विरोध में लोगों ने सड़क जाम किया। टायर जलाकर प्रदर्शन किया। हालांकि पदाधिकारियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। मौके पर एसडीओ पूर्वी डा. कुंदन कुमार के नेतृत्व में नगर डीएसपी रामनरेश पासवान के साथ नगर, मिठनपुरा, काजीमोहम्मदपुर, सदर समेत आठ थानों की पुलिस मौजूद थी। सभी पदाधिकारियों ने सूझबूझ के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हाईकोर्ट का आदेश है। इसलिए कानून को अपना काम करने दें। इसमें बाधा डालने पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। इसके बाद लोग शांत हुए और अतिक्रमण हटाया जाने लगा।
कहां लें शरण, मौका दीजिए सर : इलाके की वृद्ध महिलाएं कहने लगीं- कहां शरण लेंगे। मौका दीजिए सर। कई कह रही थीं कि शादी होने के बाद से वे यहां रह रही हैं। मेहनत कर पक्का मकान बनाया। यहीं से बेटा-बेटियों की शादी की। अब एक झटके में सबकुछ खत्म कर दिया गया। लोगों द्वारा कहा जाने लगा कि उन्हें थोड़ा समय मिलना चाहिए। ताकि वे लोग दूसरी जगह शरण लेने का इंतजाम कर सकें।
बांस की चचरी टूटने से नाले में गिरे पुलिसकर्मी : मोहल्ले में एक नाला बना है। इस पर बांस की चचरी है। इस पर से पुलिसकर्मी गुजर रहे थे। इसी क्रम में चचरी पुल टूट गया। कई पुलिसकर्मी नाले में गिर गए। इस वजह से अफरातफरी की स्थिति बन गई। अन्य जवानों ने सभी को नाले से बाहर निकाला।