मधुबनी में भैंसा ने महिला को पटककर मार डाला, जानें कैसे हुई घटना Madhubani News
राम कुमारी देवी पति उमेश साह के साथ खेत देखने गई थी। पति वहां से चला गया मगर वह रुक गई। इसी दौरान एक भैंसे ने राम कुमारी की जान ले ली।
मधुबनी, जेएनएन। जिला अंतर्गत अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के मदना गांव में एक भैंसा ने महिला की जान ले ली। वार्ड नंबर आठ निवासी उमेश साह की पत्नी रामकुमारी (55) को भैंसे ने पटक पटककर मार डाला। घटना से परिवार और गांव में मातम है। हालांकि, प्रशासन और पुलिस की तरफ से किसी ने भी पीड़ित परिवार का हालचाल नहीं लिया।
बताया जाता है कि मंगलवार देर शाम राम कुमारी देवी पति उमेश साह के साथ पोखरा के उत्तर दिशा स्थित खेत देखने गई थी। पति वहां से बेड़िया हटिया चले गए। मगर, राम कुमारी किसी काम से वहीं रुक गई। पति उमेश साह ने बताया कि इसी दौरान एक भैंसे ने राम कुमारी की जान ले ली। अंधेरा व निर्जन इलाके के कारण किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। जब देर रात तक राम कुमारी घर नहीं लौटीं तो परिवारजनों उसे तलाशना शुरू किया। बुधवार की अहले सुबह पोखरा के उत्तर की तरफ कुछ ग्रामीणों ने राम कुमारी देवी का क्षत विक्षत शव देखा। शव की हालत इतनी बुरी थी कि उसे घर भी उठाकर ले जाना संभव नहीं था। इस कारण उसी जगह पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुत्र नवीन कुमार ने बताया कि इससे पहले भी यह भैंसा कई लोगों को घायल कर चुका है। इसकी सूचना प्रशासन को भी दी गई। मगर, कोई कार्रवाई नहीं की गई।