BRABU वोकेशनल कोर्स में नामांकन का एक और मौका, खाली सीटों पर करें आवेदन
Bihar University Third Merit List: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के वोकेशनल कोर्सों में दो मेरिट लिस्ट के बाद भी सीटें खाली ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। BRABU Vocational Course Admission: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के पीजी विभागों, अंगीभूत से लेकर संबद्ध कालेजों में संचालित वोकेशनल कोर्सों में दो मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद भी बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई हैं।
इसे देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक बार फिर नए ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया है।
आवेदन और एडिट का विकल्प
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, जो छात्र-छात्राएं अब तक किसी कारणवश नामांकन नहीं करा सके हैं, वे सोमवार से 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसके साथ ही, पूर्व में आवेदन करने वाले ऐसे विद्यार्थियों को भी अपने आवेदन में सुधार (एडिट) करने का मौका मिलेगा, जिन्हें मनचाहा कॉलेज आवंटित नहीं हुआ था।
समर्थ पोर्टल के जरिए बदलाव
विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल पर अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर एडिट का विकल्प चुनना होगा। हालांकि, विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा पहले ही किसी कोर्स में नामांकन ले चुके विद्यार्थियों और पीजीडीसीए कोर्स के लिए उपलब्ध नहीं होगी।
तीसरी मेरिट लिस्ट होगी जारी
विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों और पीजी विभागाध्यक्षों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दे दिए हैं। सत्र 2026-27 के तहत चल रही इस नामांकन प्रक्रिया के बाद अब अगले सप्ताह तक तीसरी मेरिट लिस्ट जारी किए जाने की संभावना है।
संख्या अपडेट न होने की समस्या
इससे पहले जारी दो मेरिट लिस्ट के आधार पर कॉलेजों में नामांकन हुए थे। पहली सूची में करीब तीन हजार और दूसरी सूची में 900 से अधिक विद्यार्थियों के नाम शामिल थे।
हालांकि, कई कॉलेजों ने नामांकित विद्यार्थियों की संख्या समर्थ पोर्टल पर अपडेट नहीं की है, जिसके पीछे तकनीकी समस्याओं का हवाला दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बीआरएबीयू में स्नातक नामांकन की चौथी मेरिट लिस्ट मंगलवार को, 20 हजार से अधिक को मिल सकता मौका
