विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीआरएबीयू में स्नातक नामांकन की चौथी मेरिट लिस्ट मंगलवार को, 20 हजार से अधिक को मिल सकता मौका

Published: Mon, 20 Jul 2026 08:45 PM (IST)

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए चौथी मेरिट लिस्ट मंगलवार को जारी होगी, जिसमें 20 हजार से ...और पढ़ें

चयनित विद्यार्थी बुधवार से शनिवार तक आवंटित महाविद्यालयों में नामांकन करा सकेंगे। फाइल फोटो

चयनित विद्यार्थी बुधवार से शनिवार तक आवंटित महाविद्यालयों में नामांकन करा सकेंगे। फाइल फोटो

HighLights

  1. बीआरएबीयू स्नातक की चौथी मेरिट लिस्ट आज जारी होगी।

  2. 20 हजार से अधिक छात्रों को नामांकन का मिलेगा मौका।

  3. बुधवार से शनिवार तक कॉलेजों में होगा प्रवेश।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। BRABU UG Admission: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए चौथी मेरिट लिस्ट मंगलवार को जारी की जाएगी। इस सूची के आधार पर चयनित विद्यार्थी बुधवार से शनिवार तक आवंटित महाविद्यालयों में नामांकन करा सकेंगे।

विश्वविद्यालय के अनुसार चौथी मेरिट लिस्ट में 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों को शामिल किए जाने की संभावना है। इनमें अधिकांश छात्रों को नए डिग्री कॉलेजों और संबद्ध कॉलेजों में सीट आवंटित हो सकती है।

20 हजार छात्रों को मौका

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि नए डिग्री कॉलेजों में सीमित विषयों की उपलब्धता के कारण अब तक अपेक्षाकृत कम विद्यार्थियों ने वहां नामांकन कराया है। इन कॉलेजों में फिलहाल केवल छह विषयों में ही पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है।

हालांकि, कई नए कॉलेजों में अच्छी संख्या में छात्रों ने प्रवेश लिया है। वहीं, सीतामढ़ी के एक कॉलेज में अब तक एक भी छात्र ने नामांकन नहीं कराया है।

रविवार तक मिला एडिट विकल्प

विश्वविद्यालय की ओर से सोमवार को चौथी मेरिट लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया जारी रही। छात्र कल्याण अध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) डॉ. आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने अब तक किसी कॉलेज में नामांकन नहीं कराया था या अपने विकल्प में बदलाव करना चाहते थे, उन्हें रविवार तक ऑनलाइन एडिट का अवसर दिया गया था।

इसी संशोधित विकल्प के आधार पर चौथी मेरिट लिस्ट तैयार की जा रही है। सूची जारी होने के बाद विद्यार्थी आवंटित कॉलेजों में निर्धारित अवधि के भीतर प्रवेश ले सकेंगे।

दस्तावेजों की होगी जांच

डीएसडब्ल्यू ने बताया कि महाविद्यालयों में सभी मूल दस्तावेजों की जांच के बाद ही नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नामांकन संपन्न होने के बाद संबंधित कॉलेजों को उसी दिन शाम तक पोर्टल पर इसकी जानकारी अपडेट करनी होगी।

उल्लेखनीय है कि बीआरएबीयू में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकित विद्यार्थियों की कक्षाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। विश्वविद्यालय ने इसके संबंध में पूर्व में अधिसूचना भी जारी कर दी है।