BRABU के वोकेशनल कोर्स में नामांकन के लिए अगले सप्ताह आएगी तीसरी मेधा सूची
Samarth Portal Merit List: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के वोकेशनल कोर्स में दाखिले के लिए तीसरी मेधा सूची अगले सप्ताह जारी ...और पढ़ें

विश्वविद्यालय की योजना है कि 31 अक्टूबर तक नामांकन की पूरी प्रक्रिया को समाप्त कर लिया जाए।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Brabu Vocational Admission: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कॉलेजों और पीजी विभागों में संचालित होने वाले वोकेशनल कोर्स में दाखिले के लिए तीसरी मेधा सूची अगले सप्ताह जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसकी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। इस तीसरी मेरिट लिस्ट के आधार पर छात्र-छात्राएं आवंटित सीटों पर कॉलेजों में नामांकन ले सकेंगे।
विश्वविद्यालय की योजना है कि 31 अक्टूबर तक नामांकन की पूरी प्रक्रिया को समाप्त कर लिया जाए।
समर्थ पोर्टल से प्रक्रिया
वर्तमान में समर्थ पोर्टल के माध्यम से मेधा सूची तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। कॉलेजों में पहली और दूसरी मेधा सूची के आधार पर दाखिले की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। इसके बाद कई कॉलेजों ने रिक्त सीटों और छूटे हुए छात्रों के लिए पोर्टल दोबारा खोलने की मांग की थी।
नए आवेदन मिले
कॉलेजों के अनुरोध पर विश्वविद्यालय ने पूर्व के आवेदनों को एडिट करने और नए आवेदन के लिए पोर्टल खोला था। इस अवधि के दौरान कुल 650 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन नए आवेदकों को भी तीसरी मेरिट लिस्ट में नामांकन का पूरा अवसर प्रदान किया जाएगा।
कक्षाओं का संचालन
दो मेधा सूचियों के आधार पर नामांकन पूरा होने के बाद कई अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में कक्षाओं का संचालन शुरू हो चुका है। हालांकि, कई अन्य कॉलेजों में अब भी कक्षाओं के संचालन के लिए आधिकारिक आदेश का इंतजार किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय की तरफ से अभी तक कक्षाओं के नियमित संचालन को लेकर कोई आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें- बीआरएबीयू में स्नातक नामांकन की चौथी मेरिट लिस्ट मंगलवार को, 20 हजार से अधिक को मिल सकता मौका
