विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BRABU UG Admission 2026: बिहार यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए पोर्टल खुला, जुड़ेंगे 37 नए कॉलेज

Published: Mon, 04 May 2026 12:50 PM (IST)

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। छात्र-छात्राएं 4 मई से 25 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू।

  2. यूएमआइएस पोर्टल 4 मई से 25 मई तक खुला रहेगा।

  3. 37 नए डिग्री कॉलेजों में भी होगा स्नातक नामांकन।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बीआए बिहार विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। इसके लिए UMIS पोर्टल चार मई से 25 मई तक खुला रहेगा। इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे थे, जो अब खत्म होने जा रहा है।

विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने यूएमआइएस समन्वयक को पोर्टल खोलने का निर्देश दिया है। इस सत्र में कुल एक लाख 60 हजार सीटों पर नामांकन किया जाएगा।

इससे पहले कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने नामांकन की तैयारियों की समीक्षा की थी। बैठक में समर्थ पोर्टल और यूएमआइएस पोर्टल के माध्यम से दाखिले की प्रक्रिया को लेकर चर्चा की गई थी।

समीक्षा के बाद कुलपति ने पोर्टल खोलने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए थे। हालांकि, इस बार नामांकन प्रक्रिया में देरी हुई है। पिछले दो सत्रों में अप्रैल के मध्य से ही आवेदन शुरू हो गया था, जबकि इस बार मई में प्रक्रिया शुरू हो रही है।

नए डिग्री कॉलेज में भी होगा नामांकन

इस सत्र से नए डिग्री कॉलेज में भी नामांकन लिया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में बीआरएबीयू समेत सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश जारी किया है। बीआरएबीयू में 37 नए डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं, जिनमें इसी सत्र से स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू होगी।

सबसे अधिक नए कॉलेज पूर्वी चंपारण जिले में खोले जा रहे हैं। इन कॉलेज में छह विषयों—हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र की पढ़ाई होगी।

प्रत्येक विषय में 48 विद्यार्थियों का नामांकन लिया जाएगा। शिक्षकों की नियुक्ति की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय को दी गई है। फिलहाल अतिथि शिक्षकों की बहाली किये जाने का संकेत दिया गया है।

पोर्टल पर जोड़े जाएंगे नए कॉलेज

नए अंगीभूत कॉलेज को भी विश्वविद्यालय के पोर्टल पर जोड़ा जाएगा। 37 नए कॉलेज जुड़ने के बाद बीआरएबीयू में कुल कॉलेज की संख्या 181 हो जाएगी। इसके अलावा, 30 अन्य कॉलेज, जिनकी संबद्धता सीनेट से स्वीकृत हो चुकी है, उन्हें सरकार की मंजूरी मिलने के बाद पोर्टल पर शामिल किया जाएगा।

हालांकि, प्रखंड स्तर पर खुल रहे नए कॉलेज का विकल्प पोर्टल पर दिखेगा या नहीं, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि सोमवार के बाद इस संबंध में पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें- नीट परीक्षा में साल्वर गैंग का मुजफ्फरपुर कनेक्शन उजागर, दो परीक्षार्थी हिरासत में