बीआरए बिहार विवि में पीजी फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा एक अक्टूबर से, शेड्यूल जारी
BRABU PG Exam Schedule: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। ...और पढ़ें

विश्वविद्यालय प्रशासन ने आधिकारिक रूप से परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। BRABU PG 4th Semester Exam: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में स्नातकोत्तर (PG) सत्र 2024-26 के चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने आधिकारिक रूप से परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा एक से 10 अक्टूबर के बीच आयोजित की जाएगी।
छात्र-छात्राओं की सुविधा और पारदर्शिता के लिए विश्वविद्यालय के नए और पुराने परीक्षा भवन के अलावा पूर्वी व पश्चिमी चंपारण में भी विशेष केंद्र बनाए गए हैं।
दो पालियों में परीक्षा
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि परीक्षा विभाग ने 25 प्रमुख विषयों को छह अलग-अलग ग्रुप में विभाजित कर पूरा टाइम-टेबल तैयार किया है।
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक चलेगी।
शेड्यूल के मुताबिक, ईसी-1 ग्रुप की परीक्षा 1, 3 और 4 अक्टूबर को, ईसी-2 ग्रुप की 5, 6 और 7 अक्टूबर को तथा ईसी-3 ग्रुप की परीक्षा 8, 9 और 10 अक्टूबर को ली जाएगी।
28 से प्रायोगिक परीक्षा
सैद्धांतिक (लिखित) परीक्षा की शुरुआत से ठीक पहले 28 से 30 सितंबर तक संबंधित पीजी विभागों में प्रैक्टिकल यानी प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होने के लिए संबंधित विवि पीजी विभागों से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
परीक्षा नियंत्रण विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को तय समय सीमा के भीतर प्रैक्टिकल परीक्षा संपन्न करवाकर उसके अंक जल्द से जल्द सबमिट करने का सख्त निर्देश दिया है।
यहां बनाए गए केंद्र
विश्वविद्यालय परीक्षा भवन में सभी विवि पीजी विभागों के साथ-साथ एलएस कॉलेज, एमडीडीएम, आरबीबीएम, आरडीएस, नीतीश्वर, जगन्नाथ मिश्र, रामेश्वर कॉलेज, आरएन कॉलेज हाजीपुर, वैशाली महिला कॉलेज और एसआरकेजी कॉलेज सीतामढ़ी के परीक्षार्थियों का केंद्र रहेगा।
इसके अलावा, एसआरएपी कॉलेज बाराचकिया केंद्र पर मोतिहारी के प्रमुख कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा होगी, जबकि पश्चिम चंपारण के ईश्वर शांति महाविद्यालय में बेतिया के कॉलेजों का सेंटर बनाया गया है।
यह भी पढ़ें- एक्शन मोड में बीआरए बिहार विवि, 18 महीने में 102 से ज्यादा परीक्षाओं से पटरी पर आएंगे सत्र
